Headlines

जयपुर के अपार्टमेंट में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर:संचालक समेत 11 युवक-युवतियां गिरफ्तार; ई-मित्र के नाम पर नौकरी का झांसा देकर की लाखों की ठगी




जयपुर पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। सीएसटी (CST) टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 11 युवक-युवतियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 कंप्यूटर, 2 लैपटॉप और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जवाहर नगर थाना क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी स्थित रॉयल अपार्टमेंट में यह फर्जी कॉल सेंटर चल रहा था। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया- जांच में सामने आया है कि इस कॉल सेंटर के जरिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लोगों को ई-मित्र आईडी उपलब्ध कराने और ई-मित्र पर मिलने वाली विभिन्न सेवाओं के माध्यम से रोजगार दिलाने का झांसा दिया जाता था। आरोपियों ने नौकरी और मोटी कमाई का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम वसूली। 40 से 70 हजार रुपए तक वसूले डीसीपी क्राइम संजीव नैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से 40 हजार से लेकर 70 हजार रुपए तक वसूले, लेकिन न तो उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया और न ही वादा की गई सेवाएं दीं। इस तरह लोगों को सुनियोजित तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया। दो से तीन साल से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि यह फर्जी कॉल सेंटर पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित किया जा रहा था। बरामद कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क और पीड़ितों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सके। पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब कॉल सेंटर के आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आगामी जांच में ठगी के और भी बड़े मामलों का खुलासा हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *