Headlines

Narottam Mishra BJP Statement | CM Mohan Yadav Snake Park Ujjain Video


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

सीएम तो जादूगर निकले, सुनाया सांप वाला किस्सा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तो जादूगर निकले। वे जादू दिखाते थे, वो भी सांप के साथ। खुद सीएम मोहन यादव ने इसका किस्सा सुनाया। वे उज्जैन में बन रहे स्नैक पार्क का जायजा लेने पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि जब वे साइंस कॉलेज में पढ़ते थे, तब उन्होंने जादू की कुछ ट्रिक्स सीखी थीं। उन दिनों गणेश उत्सव के एक कार्यक्रम में जादू दिखाने के लिए वे एक सांप लेकर आए थे। उन्होंने सांप को एक थैली में रखा और उसके साथ जादू की ट्रिक दिखाई।

जादू दिखाने के बाद रात में दोस्तों ने कहा- जरा वो सांप तो दिखाओ। तब उन्होंने सांप को जमीन पर रखा और जैसे ही उसे सीधा किया, वह चलने लगा। यह देखकर उनके दोस्त डर गए और वहां से भाग गए।

सीएम ने बताया कि इसके बाद उन्होंने सांप को कसकर पकड़ लिया। सांप उनके हाथ पर लिपट गया और दूसरे हाथ पर काटने की कोशिश करने लगा। उन्होंने उसे और जोर से पकड़ा और एक बोरे में बंद कर दिया। तब जाकर उनकी सांस में सांस आई।

जब सीएम जहां से सांप लाए थे और वहां उसे वापस करने पहुंचे, तो पता चला कि वह कोई साधारण सांप नहीं, बल्कि कोबरा था। इतना ही नहीं, उसके जहरीले दांत भी नहीं तोड़े गए थे। यह सुनकर सीएम की धड़कनें तेज हो गईं।

सीएम के साथ मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों और अन्य लोगों ने जब यह किस्सा सुना तो उन्हें भी अचरज हुआ। किस्सा सुनकर वहां जमकर ठहाके भी लगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में बन रहे स्नैक पार्क का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में बन रहे स्नैक पार्क का जायजा लिया।

नरोत्तम बोले- मैंने कमल के फूल पर मतदान किया दतिया उपचुनाव में वोट डालने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि उन्होंने किसे वोट दिया। उन्होंने कहा- कमल के फूल पर मतदान किया, भाजपा को मतदान किया और आशुतोष तिवारी जी को मतदान किया।

खास बात यह है कि दतिया के दादा डॉ. नरोत्तम मिश्रा पक्के भाजपाई हैं और भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। इसके बावजूद उन्होंने यह बताया कि वोट किसे दिया। अब उनके इस बयान के खूब चर्चे हो रहे हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा की जीत का दावा भी किया। हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले दतिया में इस बार कम मतदान ने भाजपा और कांग्रेस, दोनों के कान खड़े कर दिए हैं। अब दोनों दलों के नेता फिर से गुणा-गणित और हार-जीत के हिसाब-किताब में जुट गए हैं।

इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दतिया की सीमा पर डटकर मतदान पर नजर रख रहे थे। उन्होंने कांग्रेस की जीत का दावा भी दोहराया। बोले- मां की कृपा से 25 हजार वोट से कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह और हाथ का पंजा जीतेगा।

फिलहाल प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। अब 3 अगस्त को ही पता चलेगा कि जनता ने किसके दावे पर मुहर लगाई और किसका हिसाब-किताब सही निकला।

दतिया में वोट के बाद सेल्फी लेते नरोत्तम मिश्रा। पटवारी ने किया जीत का दावा।

दतिया में वोट के बाद सेल्फी लेते नरोत्तम मिश्रा। पटवारी ने किया जीत का दावा।

विधायक ने खोली खनिज विभाग के भ्रष्टाचार की पोल गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने खनिज विभाग के कथित भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए हैं। वे गुना में उद्योग विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि खनिज विभाग की टीम ने रेत खरीदकर ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके पास रेत की पर्ची भी थी। उसने यह भी बताया कि रेत उसने किससे खरीदी थी। इसके बावजूद खनिज विभाग के अधिकारी उस पर जुर्माना लगाने पर अड़े रहे।

विधायक ने मंच से कहा- चोर की अम्मा को तो नहीं पकड़ रहे, चोर को पकड़ रहे हैं। उन्होंने खनिज विभाग के अधिकारियों को ‘उस्ताद’ बताते हुए कहा कि चोरपना तो हम ही करवा रहे हैं।

भाजपा विधायक ने खनिज विभाग के अधिकारियों पर जुर्माने की आड़ में अवैध वसूली का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को फोन भी किए, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।

खरी बात ये है कि भाजपा विधायक खुद बता रहे हैं कि खनिज विभाग में क्या खेल चल रहा है। यह भी कह रहे हैं कि उनकी तक नहीं सुनी जा रही। अब जब विधायक की ही नहीं सुनी जा रही, तो बाकी लोगों का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाना जा सकता है।

गुना में उद्योग विभाग के कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक पन्नालाल शाक्य।

गुना में उद्योग विभाग के कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक पन्नालाल शाक्य।

और अब अंदर की बात.. वोट मांगने गए भाजपा कार्यकर्ताओं की हो गई फजीहत दतिया उपचुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की उस समय फजीहत हो गई, जब वे एक गांव में वोट मांगने पहुंचे और ग्रामीणों ने उन्हें वोट देने से ही इनकार कर दिया।

ये मामला प्रचार थमने से पहले का है। हुआ यूं कि भाजपा कार्यकर्ता एक गांव में प्रचार के पर्चे लेकर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को इकट्ठा किया, पर्चे बांटे और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

ग्रामीण भी चुपचाप भाजपा कार्यकर्ताओं की बातें सुनते रहे। जब उनसे वोट देने की बात कही गई तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हैरान होकर पूछा- ऐसा क्यों? ग्रामीणों ने जवाब दिया- हमारा गांव तो भांडेर विधानसभा क्षेत्र में आता है। दतिया विधानसभा क्षेत्र में नहीं।

बस फिर क्या था, भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे। वोट मांगने पहुंचे थे, लेकिन पता चला कि जिनसे वोट मांग रहे हैं, वे उस चुनाव के वोटर ही नहीं हैं।

इनपुट सहयोग – शिवेंद्र परमार (उज्जैन), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), आशीष रघुवंशी (गुना)

ये भी पढ़ें – मंत्री को मुर्दा बताकर मातम मनाया, अंतिम यात्रा निकाली: पानी में डूबी सड़क पर कमिश्नर से भिड़ीं महापौर

शिवपुरी के सिरसौद क्षेत्र में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उनकी प्रतीकात्मक अर्थी बनाई, उसके पास बैठकर मातम मनाया, फिर अंतिम यात्रा निकाली और प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार भी कर दिया। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *