Headlines

मीरी-पीरी खालसा-मार्च में AAP विधायक से बोले जत्थेदार:धार्मिक मामलों में दखल बंद करे सरकार, युवाओं को नशे से बचाए




मीरी-पीरी खालसा मार्च के दौरान अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने पंजाब सरकार को धर्म और सामाजिक मुद्दों पर स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। मार्च के रास्ते में आम आदमी पार्टी के फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों की मुलाकात जत्थेदार से हुई। इस दौरान ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने विधायक के माध्यम से पंजाब सरकार तक अपनी बात पहुंचाने को कहा। जत्थेदार ने कहा कि सरकार को धार्मिक मामलों में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और मर्यादा का सम्मान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि धर्म से जुड़े मामलों में अनावश्यक दखल देने से परहेज किया जाए। इसके साथ ही जत्थेदार ने पंजाब में लगातार बढ़ रही नशे की समस्या पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा राज्य के युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और इस पर केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। VIDEO में क्या दिख रहा? मीरी-पीरी खालसा मार्च के दौरान आम आदमी पार्टी के फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों अपने काफिले के साथ वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज पर पड़ी। इसके बाद विधायक तुरंत अपने वाहन से उतरे और हाथ जोड़कर जत्थेदार के सामने सम्मानपूर्वक खड़े हो गए। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इस दौरान जत्थेदार ने विधायक के माध्यम से पंजाब सरकार तक अपना संदेश भी पहुंचाया। जत्थेदार: वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी… जत्थेदार: गुरदित्त सिंह जी, ठीक-ठाक हो? विधायक: जी जत्थेदार: अच्छा, मैंने आज भी संदेश दिया था, मैं आपके जरिए फिर दे देता हूं। जिन आपत्तियों पर श्री अकाल तख्त साहिब ने ऐतराज जताया है, आप 29 तारीख को उधर श्री अकाल तख्त साहिब आए थे? विधायक: जी जत्थेदार: उस दिन मैंने कहा था कि कस्टोडियन की दोनों धाराएं पूरी तरह हटा दो। सरकार को समझाओ कि धर्म में दखल कम करें और इसे हटा दें। आप पूरे सिख भाई हो, इसलिए आप यह संदेश पहुंचा भी देना। वैसे मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर चुका हूं। नशों ने बहुत बुरा हाल कर रखा है। अभी यहां एक माता ने मुझे बताया है, इसलिए शिकंजा और कड़ा कर दो। ये हमारे बेटे-बेटियां हैं और हम सबकी जिम्मेदारी हैं। नहीं तो आपको भी पता है कि बच्चों का कितना नुकसान हो रहा है। चढ़दी कला में रहो। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। इस पूरी बातचीत के दौरान विधायक हाथ जोड़कर खड़े रहे और जत्थेदार की हर बात का जवाब ‘हां जी’ कहकर देते रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *