![]()
मुजफ्फरनगर में 21 जुलाई को महावीर चौक पर समाजवादी पार्टी के धरने के दौरान हुए विवाद के बाद दर्ज मुकदमों को लेकर राजनीतिक माहौल फिर गरमा गया है। पुलिस कार्रवाई के विरोध में सपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. मोनिका सिंह शुक्रवार से जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गईं। उनके साथ सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भूख हड़ताल पर बैठीं डॉ. मोनिका सिंह ने आरोप लगाया कि धरने के दौरान कुलदीप सिंह ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उनका कहना है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने कुलदीप सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज कर दिए गए। युधिष्ठिर पहलवान बोले- विपक्ष को बनाया जा रहा निशाना सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय एकतरफा रवैया अपना रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ समान रूप से कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। ‘न्याय मिलने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल’ डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने से पहले वह धरना स्थल नहीं छोड़ेंगी। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार सपा नेताओं के धरने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच की दिशा पर टिकी हैं।
Source link
सपा नेत्री मोनिका सिंह भूख हड़ताल पर बैठीं:मुजफ्फरनगर में युधिष्ठिर पहलवान समेत नेताओं पर मुकदमों का विरोध, जांच की मांग
