![]()
संभल में मंगलवार दोपहर तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखा गया। दोपहर 12:30 बजे शहर में 12 मिनट तक बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद आधे घंटे तक झमाझम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के कारण तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से पहले सुबह का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था, जो सोमवार के मुकाबले 4 डिग्री कम था। बारिश के बाद तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया और हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। इस बारिश ने आम जनता को जून की भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत दी, जिससे पिछले 20 दिनों से लोग परेशान थे। सड़कों पर पानी भर गया, और बारिश रुकने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि, हवा रुकते ही लोगों को फिर से पसीना आने लगा। मौसम विभाग ने आज पूरे दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तेज हवाओं के कारण संभल-मुरादाबाद रोड पर डिवाइडर पर लगे कई होर्डिंग-बैनर फट गए। दुकानों पर धूप से बचाव के लिए लगाए गए पन्नी और त्रिपाल भी फटकर उड़ गए। जून में कुल 28 मिलीमीटर बारिश हुई थी, और आज की बारिश को मिलाकर जुलाई में अब तक 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पिछले साल इन दिनों में 80 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई थी।
इस साल नौतपा का कोई खास असर नहीं दिखा, और मानसून भी 12 दिन देरी से आया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। किसान भी धान की बुवाई सही समय पर नहीं कर पाए हैं। हालांकि, किसानों ने बुवाई की पूरी तैयारी कर रखी है, लेकिन पर्याप्त बारिश न होने के कारण बुवाई शुरू नहीं हो पा रही है। उधर, बिजली की ट्रिपिंग से भी किसान परेशान हैं। सभासद वरिस चौधरी ने बताया कि आधे घंटे की बारिश से मौसम में सुधार हुआ है, लेकिन गर्मी अभी भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कई घंटों की लगातार बारिश से ही वास्तविक राहत मिल पाएगी।
Source link
संभल में बारिश से तीन डिग्री पारा गिरा:आधे घंटे में 3 मिमी वर्षा, तेज हवाओं से होर्डिंग-त्रिपाल फटे
