Headlines

पति ने हंसिया से पत्नी को उतारा मौत के घाट:चार साल पहले हुई थी शादी, 6 महीने का है बच्चा; चरित्र पर शक में पति ने कर दी हत्या




दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड-4 स्थित महामायापारा में रविवार सुबह पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान दुर्गा यादव (22) और आरोपी की पहचान उसके पति घनश्याम यादव (25) के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनका छह महीने का एक बच्चा है, जो अब मां के साए से वंचित हो गया है। घनश्याम यादव शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। परिवार के लोगों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार दुर्गा के साथ मारपीट कर चुका था। सुबह हुई थी कहासुनी
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने घर में रखे सब्जी काटने वाले हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया। उसने दुर्गा के माथे, गले और पीठ पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, ज्यादा खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एएसपी ने कहा- मामले की जांच जारी
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रविवार सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हत्या तक पहुंच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *