Headlines

Bemetara Nashamukti Event | Youth Plays Free Fire During Anti-Drug Drive


बेमेतरा में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में एक युवक मोबाइल पर Free Fire गेम खेलता रहा। यह घटना तब हुई जब मंच से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की जा रही थी।

.

यह कार्यक्रम रविवार को टाउन हॉल में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत अभियान’ के तहत आयोजित किया गया था। इसमें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। मंत्री दयाल दास बघेल ने इस अवसर पर कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। युवा नशे से दूर रहकर ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को देश की रीढ़ और भविष्य बताते हुए कहा कि सरकार उनके भविष्य को संवारने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा दृश्य भी सामने आया जिसने सभी का ध्यान खींचा। जब मंच से नशामुक्ति और युवाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया जा रहा था, तभी सामने बैठा एक युवक अपने मोबाइल पर Free Fire गेम खेलने में व्यस्त दिखा।

यह नजारा तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव चल रहा था और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। युवक का पूरा ध्यान मोबाइल गेम पर केंद्रित रहा।

यह घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी क्योंकि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ही युवाओं को नशे और अन्य गलत आदतों से दूर रखकर शिक्षा, खेल और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना था।

विधायक बोले- युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, पूंजी और उम्मीद होते हैं। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इससे युवाओं का स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, खेल और करियर प्रभावित होता है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और कम से कम 10 अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के बजाय शिक्षा, रोजगार, खेल और स्वस्थ जीवन को चुनना होगा।

कलेक्टर ने दिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि नशे की कुरीतियों से समाज को दूर करके ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को नशे की राह पर जा चुके युवाओं को जागरूक कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मंत्री दयाल दास बघेल ने जनप्रतिनिधियों और युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 3 दिव्यांगों को बैटरी चलित ट्रायसाइकिल दी गई। स्कूली विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *