Headlines

नगर निगम म्युनिसिपल बांड जारी करने की तैयारी तेज की:सड़क, नाली और शहरी परियोजनाओं को मिलेगा बूस्ट




गोरखपुर नगर निगम के 80 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड जारी करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। विशेषज्ञों की टीम नगर निगम पहुंचेगी और बांड जारी करने से जुड़े सभी दस्तावेजों और प्रपत्रों की बारीकी से जांच करेगी। साथ ही नगर निगम का एस्क्रो खाता खोलने की प्रक्रिया भी शुरू कराई जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार बांड जारी करने से पहले सभी वित्तीय और कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करना जरूरी है। इसी कारण विशेषज्ञों की टीम सभी दस्तावेजों का सत्यापन करेगी। टीम यह भी देखेगी कि नगर निगम ने बांड जारी करने के लिए तय सभी नियमों और शर्तों का पालन किया है या नहीं। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद एस्क्रो खाते की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यह एक विशेष बैंक खाता होता है, जिसमें बांड से मिलने वाली राशि और उससे जुड़े भुगतान का प्रबंधन किया जाता है। इससे निवेशकों का पैसा सुरक्षित रहता है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित होती है। यदि सभी औपचारिकताएं तय समय पर पूरी हो जाती हैं, तो अगस्त के अंतिम सप्ताह तक गोरखपुर नगर निगम के 80 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड जारी किए जा सकते हैं।
विकास कार्यों में मिलेगी तेजी
नगर निगम को बांड के जरिए मिलने वाली 80 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग शहर की विभिन्न आधारभूत विकास परियोजनाओं पर किया जाएगा। इस धनराशि से सड़क, नाली, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य शहरी विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे नगर निगम को बड़े विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन भी उपलब्ध होंगे।
नगर निगम के लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को विशेषज्ञों की टीम नगर निगम आएगी। टीम की जरूरत के अनुसार सभी जरूरी दस्तावेज और प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। इसके बाद बांड जारी करने की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *