![]()
सिंगरौली जिले में सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना तिरपाल, ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के तहत एक ओवरलोड रेत से भरा मालवाहक वाहन जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, कई अन्य वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग की टीम ने मोरवा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट और कांटा मोड़ क्षेत्र में सघन जांच की। इस दौरान रेत, गिट्टी, मिट्टी, फ्लाई ऐश और कोयले का बिना तिरपाल परिवहन करने वाले वाहनों को निशाना बनाया गया। जांच में ओवरलोड, बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के चल रहे वाहनों की भी पड़ताल की गई। बिना तिरपाल ओवरलोड रेत का परिवहन कर रहे एक मालवाहक वाहन को जब्त कर निगरी चौकी में सुरक्षित खड़ा कराया गया। लोगों के लिए खतरा परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि खुले में सामग्री का परिवहन सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा करता है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाता है। विभाग ने सभी वाहन मालिकों और चालकों को सुरक्षा एवं प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी है। यह उल्लेखनीय है कि परिवहन आयुक्त ग्वालियर के निर्देश पर पूरे प्रदेश में 1 से 15 अगस्त तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
सिंगरौली में ओवरलोड, बिना तिरपाल वाहन जब्त:कलेक्टर के निर्देश पर परिवहन विभाग ने चलाया विशेष अभियान
