न्यूयॉर्क39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक सितंबर को लंदन में पूरा होने वाले ‘इटर्नल सनशाइन टूर’ के बाद एरियाना पब्लिक लाइफ और मीडिया से दूर रहेंगी।-फाइल फोटो
मंच पर हजारों लोगों के सामने परफॉर्म करना ग्लैमरस लगता है, लेकिन कैमरों की निगरानी और सोशल मीडिया की लगातार टिप्पणियों का किसी की निजी जिंदगी पर कितना असर पड़ सकता है, इसे अमेरिकी पॉप स्टार एरियाना ग्रांडे के निर्णय से समझ सकते हैं। साइड टू साइड और स्टीवी वंडर के साथ फेथ जैसे मशहूर गीत गाने वाली एरियाना ने कुछ समय के लिए पब्लिक लाइफ से दूरी बनाने का फैसला किया है।
एक सितंबर को लंदन में पूरा होने वाले ‘इटर्नल सनशाइन टूर’ के बाद एरियाना पब्लिक लाइफ और मीडिया से दूर रहेंगी। ग्रांडे के एक करीबी सूत्र ने पीपल से कहा, ‘उनका शो काफी मेहनत वाला होता है और इसमें काफी शारीरिक गतिविधि करनी पड़ती है। इसके बावजूद वह हर शो में पूरी तरह स्वस्थ तरीके से शानदार प्रदर्शन करती हैं। अब उन्हें कुछ समय के लिए आराम की जरूरत है।’
अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि हालिया महीनों में एरियाना की शारीरिक बनावट और सेहत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं। शुक्रवार को लॉन्च हुए उनके नए एल्बम ‘पेटल’ के बाद उनकी सेहत को लेकर चर्चा और बढ़ी है। सेहत को लेकर की गई टिप्पणियों से एरियाना मानसिक रूप से परेशान हैं और वह कुछ समय के लिए शांति चाहती हैं। ‘पेटल’ म्यूजिक वीडियो में एरियाना एक ऐसी कलाकार की भूमिका निभाई हैं, जिन्हें ऑडिशन में बार-बार कहा जाता है कि वे ‘काफी अच्छी नहीं हैं।’ ‘उतावली’ हैं और उन्हें ‘कुछ सुधार करवाना चाहिए।’ फिर यह भी कहा जाता है कि उन्होंने ‘बहुत ज्यादा सुधार करवा लिया है।’ अंत में यह किरदार आलोचकों पर आरी चलाकर उन्हें करारा जवाब देती है।
फिलहाल सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाने के फैसले से यह भी तय हो गया है कि लंदन में होने वाले बड़े स्टेज प्रोजेक्ट में अब एरियाना नहीं होंगी। स्टीफेन सोंडहाइम के म्यूजिकल शो ‘संडे इन पार्क विथ जॉर्ज’ के 2027 में होने वाले रिवाइवल की प्रोडक्शन कंपनी ने पुष्टि की है कि एरियाना अब इसका हिस्सा नहीं होंगी। इसमें अभिनेता जोनाथन भी हैं। कंपनी के मुताबिक एरियाना का यह फैसला आसान नहीं रहा होगा। फिर भी उन्हें पूरा समर्थन है।
रूप-रंग पर टिप्पणियों का असर गंभीर हो सकता है: रिसर्च
शोधों से पता चलता है कि सोशल मीडिया पर बार-बार दूसरों के रूप-रंग से अपनी तुलना करना बॉडी इमेज को प्रभावित कर सकता है। 83 अध्ययनों और 55,440 लोगों के मेटा-विश्लेषण में ऑनलाइन तुलना और शरीर संबंधी चिंता के बीच गहरा संबंध मिला अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन के मुताबिक खासकर सुंदरता और शरीर से जुड़ी तुलना, फोटो पर लगातार प्रतिक्रिया देखने और अपने रूप पर अत्यधिक ध्यान देने का संबंध खराब बॉडी इमेज, अव्यवस्थित खान-पान और डिप्रेशन से पाया गया है।

