- Hindi News
- Sports
- Neeraj Chopra Lausanne Diamond League | Pathirage Arshad Nadeem Clash
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दो बार के ओलिंपिक मेडल विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को स्विट्जरलैंड में होने वाली लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे। चोट से वापसी कर रहे नीरज के सामने इस बार कड़ी चुनौती होगी। प्रतियोगिता में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के गोल्ड मेडलिस्ट श्रीलंका के रुमेश पथिराजे और पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम समेत दुनिया के कई दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी उतरेंगे।
हाल ही में ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में नीरज ने 85.83 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। लुसाने में होने वाली स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले पांच प्रमुख एथलीट एक-दूसरे के सामने होंगे।
चोट से वापसी के बाद तीसरी प्रतियोगिता खेलेंगे नीरज
कमर की चोट से उबरने के बाद यह नीरज की इस सीजन की तीसरी प्रतियोगिता होगी। वह पिछले साल सितंबर के बाद पहली बार इस साल जून में दोहा डायमंड लीग में उतरे थे। वहां उन्होंने 85.69 मीटर का थ्रो कर चौथा स्थान हासिल किया। इसके बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर का थ्रो फेंककर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
पदक जीतने के बाद नीरज ने कहा था, ‘हमेशा यही कोशिश रहती है कि हमारे लिए राष्ट्रगान बजे। मैंने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और वापसी सही दिशा में जा रही है। आगे और भी प्रतियोगिताएं हैं, इसलिए मैं संतुष्ट हूं।’
पथिराजे ने इस सीजन में 90 मीटर का आंकड़ा पार किया
श्रीलंका के रुमेश पथिराजे इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में 89.75 मीटर का थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल जीता था। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92.62 मीटर है, जो उन्होंने इसी साल जून में रोम में आयोजित गोल्डन गाला प्रतियोगिता में किया था। इस सीजन में 90 मीटर से आगे भाला फेंकने वाले वह इकलौते खिलाड़ी हैं।
लुसाने में जुटेंगे दुनिया के टॉप जेवलिन थ्रोअर
लुसाने में नीरज के सामने पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशव वालकॉट, पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और पूर्व ओलिंपिक चैंपियन जर्मनी के थॉमस रोहलर की चुनौती होगी।
इनके अलावा फील्ड में टोक्यो ओलिंपिक के सिल्वर मेडलिस्ट चेक गणराज्य के जैकब वाडलेच, जर्मनी के जूलियन वेबर, स्विट्जरलैंड के साइमन वीलैंड और इस सीजन के वर्ल्ड नंबर-2 अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन भी शामिल होंगे।
आयोजकों का कहना है कि पिछले चार ओलिंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने वाले पांच जेवलिन सुपरस्टार 21 अगस्त को एथलेटिसिमा में मौजूद रहेंगे।
लुसाने में अच्छा रहा है नीरज का रिकॉर्ड
नीरज का लुसाने में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 2022 में 89.08 मीटर के थ्रो के साथ यहां डायमंड लीग का खिताब जीता था। वहीं 2024 में 89.49 मीटर का थ्रो फेंककर दूसरे स्थान पर रहे थे।

