![]()
जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद कर डीन कार्यालय के बाहर धरना दिया। डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी और इलाज की व्यवस्था प्रभावित रही, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को घंटों परेशान होना पड़ा। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जूडा) ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इलाज के दौरान हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक, ज्ञानगंगा क्षेत्र के पास चार युवक बाइक फिसलने से घायल हो गए थे। इनमें से एक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। डॉक्टर इलाज के दौरान घायल से घटना की जानकारी ले रहे थे। इसी बीच उसके एक साथी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जूडा का आरोप है कि घायल युवक शराब के नशे में था और डॉक्टरों के सवाल पूछने पर उसने कहा, “तू इलाज कर, ज्यादा सवाल मत पूछ।” इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और मरीज के साथियों ने जूनियर डॉक्टरों से मारपीट कर दी। आरोप है कि डॉक्टर का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारा गया और एक महिला डॉक्टर से भी अभद्रता की गई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक और उसके साथी अस्पताल छोड़कर जा चुके थे। 10 दिन में पांचवीं घटना का दावा घटना के विरोध में मंगलवार सुबह से जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद कर डीन कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। जूडा अध्यक्ष दीपक तिवारी ने दावा किया कि पिछले 10 दिनों में डॉक्टरों के साथ विवाद की यह पांचवीं घटना है। उनका कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे डॉक्टरों में असुरक्षा का माहौल है। ‘सुरक्षा नहीं तो इलाज नहीं’ प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि एक मरीज के साथ बड़ी संख्या में परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचते हैं। उन्हें रोकने या नियम बताने पर विवाद और मारपीट की स्थिति बन जाती है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों से चर्चा की गई। मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेडिकल कॉलेज के जूडा ने किया काम बंद-समझाइश पर माने:डीन कार्यालय के बाहर बैठे, बोले-सुरक्षा मिलेगी तो होगा इलाज; 10 दिन में 5 बार हुआ विवाद
