![]()
बिलासपुर में ट्रेन में सफर के दौरान 3 लाख रुपए मूल्य की सोने की अंगूठी गुम होने के बाद एक रेल यात्री को वह वापस मिल गई। यात्री ने चलती ट्रेन में ‘रेल मदद पोर्टल’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद बिलासपुर पहुंचने पर ट्रेन की लैवेटरी की जांच की गई। यह घटना ट्रेन संख्या 20845 बिलासपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एम-1 कोच में हुई। यात्री मुकेश पालीवाल लैवेटरी का उपयोग कर रहे थे, तभी उनकी सोने की अंगूठी अनजाने में बायो-टॉयलेट में गिर गई। मैकेनिकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की अंगूठी गिरने के तुरंत बाद, यात्री मुकेश पालीवाल ने ‘रेल मदद पोर्टल’ पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही मैकेनिकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। ट्रेन के बिलासपुर पहुंचने पर संबंधित कोच को अनुरक्षण के लिए कोचिंग डिपो में ले जाया गया। कोचिंग डिपो में बायो-टॉयलेट मेंटेनेंस टीम ने विशेष सावधानी और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ बायो-टॉयलेट टैंक खोला। स्टाफ हेमंत रजक, महेंद्र भार्गव और मनोज ने गहन जांच के बाद लैवेटरी के टैंक के एस-ट्रैप से सोने की अंगूठी सुरक्षित बरामद कर ली। अंगूठी यात्री को वापस लौटाया बरामद अंगूठी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और मैकेनिकल विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता मुकेश पालीवाल को विधिवत सौंप दिया गया। अपनी बहुमूल्य अंगूठी वापस पाकर यात्री ने मैकेनिकल विभाग की तत्परता, कर्मचारियों की ईमानदारी और समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया। रेल प्रशासन ने इस घटना को रेल यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान, विभागों के उत्कृष्ट समन्वय और यात्री सेवा के प्रति बिलासपुर जोन की प्रतिबद्धता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।
Source link
यात्री को 3 लाख की सोने की अंगूठी लौटाई:बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस के लैवेटरी में गिरी थी, चलती ट्रेन में शिकायत पर हुई कार्रवाई
