![]()
मैनपुरी में मंगलवार को आशा बहू कल्याण समिति, क्रांतिकारी छविराम किसान संघ, समाज सुधारक न्याय संगठन और वोटर्स पार्टी सहित आधा दर्जन संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। आशा बहू कल्याण समिति की जिला अध्यक्ष रेखा यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आशा और आशा संगिनियों के लंबित मानदेय को तत्काल जारी करने की मांग की गई। इसके साथ ही, उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, सभी राज्यों की तर्ज पर निश्चित मासिक मानदेय लागू करने और सेवानिवृत्ति पर पेंशन की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं, क्रांतिकारी क्षत्रियम किसान संघ और समाज सुधारक न्याय संगठन के जिला अध्यक्ष करण सिंह यादव के नेतृत्व में 11 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया गया। इसमें आशा, संगिनी, आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देते हुए 18,000 रुपये मासिक वेतन देने की मांग शामिल थी। अन्य प्रमुख मांगों में सभी किसानों और गरीब महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन, किसानों के बकाया बिजली बिल माफ कर मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना, ट्रैक्टर चालकों को आजीविका के लिए सुविधाएँ, ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की जांच, फसलों के लिए मुफ्त बीज, खाद व सिंचाई की व्यवस्था तथा महिलाओं के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा शामिल थीं। सभी संगठनों ने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा यूनियन चंदा यादव चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव महावीर सिंह यादव मीनू भारती, वोटर्स पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील राजभर, रेखा यादव, अनीता शाक्य, पार्वती, रामचंद्र, गंगासाहेब, घनश्याम शक, महावीर प्रसाद, सचिन पांडे, संजीव कश्यप, धर्म सिंह, अतर सिंह यादव, सुदेश कुमार और भूपेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
आशा, आंगनबाड़ी व किसान संघों ने सौंपा ज्ञापन:डीएम को विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग
