![]()
कानपुर देहात में एक महिला ने पड़ोसी परिवार पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का यह भी आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। न्याय की मांग को लेकर पीड़िता अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई। यह मामला अकबरपुर थाना क्षेत्र के मनसुरा गांव का है। गांव निवासी चंद्ररेखा अपने पति छोटेलाल के साथ बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को एक शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में आरोप लगाया गया है कि 31 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही एक परिवार के कई लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। चंद्ररेखा के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति छोटेलाल के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। उनके बेटे आदर्श और बेटियों रेशमी व पूजा के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने घर का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त कर दिया और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चंद्ररेखा ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई थी। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के प्रभाव के कारण उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है और घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पड़ोसी पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप:कानपुर देहात में कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई गुहार
