![]()
कोटा-बूंदी डेयरी ने पशुपालकों को बड़ी राहत देते हुए दूध खरीद दर में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके साथ ही किसानों और महिला दुग्ध उत्पादकों के हित में कई अहम योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। कोटा-बूंदी जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक में पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में दूध खरीद दर को 820 रुपये से बढ़ाकर 850 रुपये प्रति किलो फैट करने का फैसला लिया गया। यानी प्रति किलो फैट 30 रुपये की बढ़ोतरी से जिले के हज़ारों दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। बैठक में सदस्य परिवारों की विवाहिता पुत्रियों के लिए ‘सरस लाडो मेरा’ योजना को भी मंजूरी दी गई, जिसके तहत विवाह पर 21 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। दुग्ध सहकारिता के विस्तार के लिए 15 नई दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के गठन को स्वीकृति दी गई, जिनमें 7 महिला समितियाँ शामिल हैं। प्रबंध निदेशक दिलखुश मीणा ने बताया कि इससे ग्रामीण महिलाओं की डेयरी गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा। वहीं, अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि संघ लगातार प्रगति कर रहा है। चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में संघ ने 49.27 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। साथ ही डेयरी गतिविधियों के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए आवश्यक पूंजीगत निवेश भी किया गया है। इन फैसलों से डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलने और पशुपालकों की आय बढ़ने की उम्मीद है।
Source link
कोटा-बूंदी डेयरी का बड़ा फैसला:दूध खरीद दर ₹30 प्रति किलो फैट बढ़ाई; बेटी की शादी पर मिलेंगे ₹21 हज़ार
