Headlines

खुशियों का शाही सफर, लग्जरी कारों में घूमे जरूरतमंद बच्चे:दैनिक भास्कर की 'जॉय ऑफ शेयरिंग ने चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, सपने हुए सच




दैनिक भास्कर की सामाजिक पहल ‘जॉय ऑफ शेयरिंग’ ने जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। लग्जरी कारों में शहर भ्रमण, स्वादिष्ट भोजन, मनोरंजक गतिविधियों, उपहारों और आत्मीय स्नेह से भरे इस आयोजन ने बच्चों को ऐसा अनुभव दिया, जो उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। शहर की सड़कों पर बुधवार को जब लग्जरी कारों का काफिला बच्चों को लेकर निकला तो राहगीरों की नजरें भी उसी ओर ठहर गईं। पूरे दिन बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलकता रहा। टाउनहाल से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में नगर निगम के कमिश्नर अभिषेक खन्ना, अपेक्षा ग्रुप के कार्यकारी निदेशक उमर खान, राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एसएस सारंगदेवोत, उद्योगपति एवं समाजसेवी भीम सिंह चूंडावत, फील्ड क्लब सचिव उमेश मनवानी, नारायण सेवा संस्थान से भगवान प्रसाद गौड़, आलोक संस्थान से निश्चय कुमावत, दैनिक भास्कर के यूनिट हेड प्रिंस प्रजापत, चीफ रिपोर्टर गिरीश शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान अपेक्षा ग्रुप के कार्यकारी निदेशक उमर खान ने सभी बच्चों को गिफ्ट हैम्पर वितरित किए। समापन अवसर पर जिला पुलिस उप अधीक्षक (पूर्व) छवि शर्मा ने नारायण सेवा संस्थान के बच्चों से संवाद किया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून के प्रति जागरूकता तथा सुरक्षित और सकारात्मक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा करते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया। इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक अपेक्षा ग्रुप ऑफ कंपनीज रहे। वहीं सहयोगी संस्थाओं के रूप में फील्ड क्लब उदयपुर, धानी टूर्स एंड ट्रैवल्स, एसआरजी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, बालाजी कृपा एवं सावित्री कमला सहयोग फाउंडेशन ने उल्लेखनीय योगदान दिया। सभी के सहयोग से यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन सका। लग्जरी कारों का काफिला नगर निगम से रवाना होकर सूरजपोल चौराहा, बापू बाजार, दिल्ली गेट, कोर्ट चौराहा, चेतक सर्किल, फतहसागर, सुखाड़िया सर्किल, फतहपुरा चौराहा और आरके सर्किल होते हुए फील्ड क्लब पहुंचा। पूरे मार्ग में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। कई बच्चों ने पहली बार लग्जरी कार में बैठकर शहर की सैर की, जो उनके लिए किसी शाही सफर से कम नहीं थी। फील्ड क्लब में बच्चों के लिए विशेष लंच, झूलों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई। इस दौरान फील्ड क्लब के सचिव उमेश मनवानी, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र श्रीमाली, कोषाध्यक्ष गौरव सिंघवी, सहसचिव पंकज कनेरिया, भानु प्रताप सिंह, ध्रुव नलवाया, गौरव व्यास, सुलभ धर्मावत एवं जीतेश वनवरिया मौजूद रहे। प्यार के साथ मिले उपहार भी आयोजन में धानी टूर्स एंड ट्रैवल्स के मयंक करणपुरिया ने लग्जरी कारों का काफिला उपलब्ध कराया। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष यशोदा पणिया, सदस्य अंजना जोशी और संगीता राव तथा बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक गौरव सारस्वत का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में राजकीय किशोर गृह के आवासीय बालकों ने भी हिस्सा लिया और पूरे आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *