29.20 करोड़ से कसरैया धार बनेगी इको टूरिज्म हब:खगड़िया के लिए बिहार सरकार ने प्रशासनिक मंजूरी दी




बिहार सरकार ने खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड स्थित कसरैया धार को इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिए 29 करोड़ 20 लाख 73 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरी की जाएगी और बेगूसराय वन प्रमंडल के अंतर्गत क्रियान्वित होगी। आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य कसरैया धार को प्राकृतिक पर्यटन के एक आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके तहत पर्यटकों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में पार्क और हरित क्षेत्र का विकास, पर्यटन अवसंरचना का विस्तार, प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का निर्माण शामिल है। इससे खगड़िया जिले को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। पूरी राशि राज्य योजना के राजस्व मद से खर्च की जाएगी यह योजना राज्य सरकार की नई स्कीम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरी होगी। इसकी पूरी राशि राज्य योजना के राजस्व मद से खर्च की जाएगी, जिसमें कोई केंद्रीय सहायता या बाहरी वित्तपोषण शामिल नहीं है। कसरैया धार के इको टूरिज्म हब बनने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से होटल, खान-पान, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जिले में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिले के लोगों का मानना है कि यह परियोजना खगड़िया को राज्य के प्रमुख इको टूरिज्म स्थलों में से एक के रूप में स्थापित करेगी, जिससे प्राकृतिक पर्यटन के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *