![]()
जोधपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- पांच स्तर पर सर्वे चल रहा है। सर्वे में से निचोड़ निकालकर अपेक्षा के अनुरूप उम्मीदवार उतरेंगे। उन्होंने कहा- हम सभी स्थानीय निकाय के चुनाव जीतेंगे। जोधपुर में सोमवार को लघु उद्योग भारती में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को यह कहा। मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ चुनाव में जुड़ जाने का संदेश दिया। वहीं, पत्रकारों से मदन राठौड़ ने कहा- हमारा संगठन मजबूत है। बूथ स्तर तक की व्यवस्थाएं हैं। हर स्थानीय निकाय चुनाव में बूथ थोड़े अलग से होते हैं, लेकिन कार्यकर्ता मजबूती से लगे हुए हैं। हम चुनाव लड़ते आए हैं और अनुभवी लोगों की टीम यहां पर लगाई गई है। लोगों में बहुत उत्साह है। लोग चाहते हैं कि अपेक्षा के अनुसार उम्मीदवार आएं और जनसेवक बनकर काम करें। पिछले चुनाव में हुआ गलत परिसीमन पिछले चुनाव के परिसीमन को लेकर मदन राठौड़ ने कहा- पहले कांग्रेस ने मनगढ़ंत तरीके से वार्ड बना दिए थे। अपने चहेतों को खुश करने के लिए अव्यवस्थित वार्ड बनाए। समान जनसंख्या के बिना वार्ड बनाए गए। कहीं 400 वोटों का वार्ड, कहीं 4000 वोटों का वार्ड बनाया गया। कहीं 12000 वोट का वार्ड बनाया गया। हमने जनसंख्या के समान वितरण के अनुसार वार्ड बनाए हैं। अब न्याय होगा, अन्याय नहीं होगा। पांच एंगल सर्वे के बाद टिकट आवेदन की ज्यादा संख्या को लेकर राठौड़ ने कहा- हमारा कार्यकर्ता समझ रहा है कि पार्टी को ताकत देने आए हैं। कड़ी से कड़ी जोड़नी है। वह अपना आवेदन तो कर रहा है, लेकिन वह इतना महत्वाकांक्षी नहीं है कि पार्टी के पीठ में छुरा मार दे। यह संभव नहीं है, यह भारतीय जनता पार्टी है। यहां निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। आवेदन करें, यह अच्छी बात है। आवेदक हमारी पूंजी है, कार्यकर्ता हमारी पूंजी है। हम कई तरह से काम करते हैं। हमारा मूल संगठन हमें राय देता है। हम खुद सर्वे करते हैं। जिस कार्यकर्ता को हम दूसरे वार्ड में भेजते हैं। वह भी अपना सर्वे बताता है। हम अन्य स्रोतों सहित पांच एंगल से सर्वे करने के बाद उसमें से निचोड़ कर जो जनता जिसको ज्यादा पसंद करती है, उसे टिकट देंगे। इसलिए कार्यकर्ता मानता है कि उसने आवेदन किया है, वह विभिन्न चैनलों के माध्यम से यदि नहीं टिकता हूं तो जो सही आया है, उसे टिकट दिया जाए, इसलिए कार्यकर्ता समर्पण के लिए भी तैयार रहता है। युवाओं को देंगे महत्व जेन-जी और युवाओ के टिकट के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा- जेन जी शब्द आप बार-बार कहते हैं। युवा शब्द बोले तो ज्यादा अच्छा है। नई पीढ़ी शब्द प्रयोग करें तो ज्यादा अच्छा है। हम किसी शब्द को पकड़े, यह ठीक भी नहीं है। हम युवाओं को महत्व देंगे और वार्ड के योग्य कार्यकर्ता को अवसर देंगे।
Source link
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले-पांच एंगल से सर्वे के बाद मिलेगा टिकट:युवाओं को देंगे महत्व, वार्ड के योग्य कार्यकर्ता को देंगे अवसर; सभी निकाय चुनाव जीतेंगे
