Headlines

महिला थाने की काउंसलिंग से 8 परिवार साथ हुआ:सिद्धार्थनगर में आपसी मनमुटाव दूर कर दंपति घर को विदा




सिद्धार्थनगर में महिला थाना पुलिस ने वैवाहिक विवादों को सुलझाने और टूटते परिवारों को बचाने की दिशा में पहल करते हुए सोमवार को आठ दंपतियों के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों का काउंसलिंग के जरिए समाधान कराया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के नेतृत्व में मिशन शक्ति केंद्र की काउंसलिंग टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और आपसी संवाद व समझाइश के जरिए मतभेद दूर कराने का प्रयास किया। कई दौर की बातचीत के बाद सभी दंपतियों ने साथ रहने पर सहमति जताई, जिसके बाद आठों जोड़ों को उनके परिजनों की मौजूदगी में एक साथ विदा किया गया। पुलिस के मुताबिक मुकदमेबाजी से पहले काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है, ताकि पति-पत्नी के बीच आपसी विश्वास बहाल हो और परिवार टूटने से बचें। पुनर्मिलन कराने वाले दंपतियों में सुभाष नगर (उस्का बाजार) की सुधा-सुनील, मुड़ीला की आलिया-तुफैल, रामगढ़ टोला सेखुईया (मोहाना) की शमीउन्नीसा-अब्दुलबारी, बीओ (त्रिलोकपुर) की शांति-बूधई, नववेईला (जोगिया उदयपुर) की रीमा-नीलेश, मिठवल बाजार (बांसी) की जानकी-प्रभुनाथ, उस्का बाजार की सरिता-जितेंद्र और बनिया (डुमरियागंज) की गुंजा-हरिलाल शामिल हैं। इस पूरी प्रक्रिया में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के साथ महिला मुख्य आरक्षी आशा, महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, संगीता, शिखा खरवार, प्रगति और शिवानी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी पारिवारिक विवादों को काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *