पहाड़ी से गिरे पत्थरों से टकराकर पलटा ट्रक:चालक-परिचालक सुरक्षित; क्रेन से ट्रक हटाकर, रास्ता क्लियर किया




सिवनी के लखनादौन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे सड़क हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी से फिसलकर सड़क पर आए बड़े पत्थरों से टकराने से तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और ट्रक चालक-परिचालक सुरक्षित बच गए। हालांकि, कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों की मिट्टी और चट्टानें कमजोर हो गई हैं। इसी वजह से कई स्थानों पर पत्थर खिसककर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ रहे हैं। क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाया सुबह भी सड़क पर पड़े बड़े पत्थरों को चालक समय रहते नहीं देख सका, जिससे ट्रक उनसे टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक की मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर यातायात सुचारु कराया। इस मार्ग की पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ी स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-34, मध्यप्रदेश को महाराष्ट्र सहित दक्षिण भारत से जोड़ने वाला एक अत्यंत व्यस्त मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां दिनभर स्थानीय लोगों की भी आवाजाही रहती है। यदि हादसे के समय वहां कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि बरसात शुरू होते ही इस मार्ग की पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। ढीले पत्थरों को समय रहते हटाने की मांग लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी कर ढीले पत्थरों को समय रहते हटाया जाए। साथ ही, पहाड़ियों पर सुरक्षा जाल (रॉकफॉल नेट), चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने भी वाहन चालकों से विशेषकर बरसात के मौसम में सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *