Headlines

जयपुर के स्कूल में 12वीं के छात्र की मौत:लंच टाइम में बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने किया हंगामा; बोले- स्टाफ की लापहरवाही से गई जान




जयपुर के प्राइवेट स्कूल में बुधवार दोपहर 12वीं क्लास के स्टूडेंट की मौत हो गई। लंच टाइम में तबीयत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गया था। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन की लापहरवाही के चलते छात्र की जान जाने का आरोप लगाया है। गुरुवार को लोगों के साथ स्कूल पहुंचकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ASI नरेन्द्र कुमार ने बताया- झोटवाड़ा के बृजमण्डल कॉलोनी निवासी प्रिंस सोनी (17) की मौत हुई है। वह अपने मम्मी-पापा व बड़ी बहन के साथ रहता था। झोटवाड़ा के कांटा चौराहा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं क्लास का स्टूडेंट था। दोपहर करीब 11 बजे लंच टाइम में प्रिंस की स्कूल में तबीयत खराब हो गई। परिजनों की ओर से स्कूल पहुंचकर प्रिंस को नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर्स ने मणिपाल हॉस्पिटल भेज दिया, जहां डॉक्टर्स ने चेकिंग के बाद प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। मेडिकल सूचना पर पहुंची झोटवाड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। स्कूल पहुंच परिजनों ने किया हंगामा 12वीं के स्टूडेंट प्रिंस की संदिग्ध मौत को लेकर गुस्साएं परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग गुरुवार दोपहर स्कूल पहुंच गए। स्कूल प्रशासन की लापरवाही के चलते मौत होने का आरोप लगाकर हंगामा किया। लोगों ने स्कूल में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने स्कूल स्टाफ को प्रिंस की मौत का जिम्मेदार बताया। मृतक छात्र के चाचा अनुराग सोनी का कहना है- लंच टाइम में प्रिंस ने स्कूल कैंटीन से पेटीज खरीदकर खाई थी। पेटीज के खराब व ऑयली होने के कारण वह प्रिंस के गले में अटक गई। वह पानी पीने के लिए भागा, लेकिन वहां तक पहुंच नहीं सका। वहां मौजूद टीचर्स ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उसकी पीठ थपथपा के बेंच पर लेटा दिया। स्कूल से महज 100 मीटर दूरी पर हॉस्पिटल होने के बाद भी परिजनों को कॉल कर प्रिंस की तबीयत खराब होने के लिए बताते रहे। बार-बार कॉल कर फोर व्हीलर लेकर आना, जल्दी आ जाओ कहते रहे। स्कूल प्रशासन की ओर से कोई भी प्राथमिक उपचार उपलब्ध नहीं करवाया गया। उनकी लापरवाही के चलते ही प्रिंस की मौत हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *