![]()
साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद शातिर तरीका निकाला है, जहां सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या आवाज बदलकर लोगों की भावनाओं और सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर लड़की की आवाज निकालकर युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर चूना लगाने वाले एक हाईटेक ठग को साइबर क्राइम पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी की पहचान मोहाली के कुराली निवासी अमन के रूप में हुई है, जिसने एक युवक से ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने के नाम पर ₹2,39,750 की ठगी की। स्नैपचैट पर बुना बरकत कौर का जाल साइबर क्राइम के एएसआई जगरूप सिंह ने बताया कि जगराओं निवासी मनजोत सिंह विदेश जाना चाहता था। 13 मई 2026 को उसे स्नैपचैट पर ‘kaurgill8146’ आईडी से ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने का मैसेज मिला। मनजोत ने जब संपर्क किया, तो दूसरी तरफ से एक लड़की की आवाज में बात की गई। उसने अपना नाम बरकत कौर गिल बताते हुए खुद को ऑस्ट्रेलिया की एनआरआई (NRI) घोषित किया। आरोपी ने मनजोत को झांसा दिया कि एक लड़की का वीजा कैंसिल हो गया है और एजेंट के पास फंसे पैसे बचाने के लिए अगर वह ₹45,000 दे, तो वीजा उसके नाम ट्रांसफर हो सकता है। दादी बन खुद की बात पर लगवाई मुहर ठगी को सच दिखाने के लिए आरोपी अमन ने खुद ही लड़की की दादी बनकर भी मनजोत से फोन पर बात की और भरोसा दिलाया कि उसकी पोती सच में ऑस्ट्रेलिया में रहती है। इस जाल में फंसकर मनजोत ने 15 मई से 23 मई के बीच आईईएलटीएस (IELTS) सर्टिफिकेट और वीजा के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल ₹2,39,750 ट्रांसफर कर दिए। 24 मई को भारत आने का वादा करने के बाद आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तीन युवकों को बना चुका है शिकार तकनीकी जांच के आधार पर साइबर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह अब तक तीन लोगों को इसी तरह लड़की की आवाज में ठग चुका है। इनमें से एक पीड़ित खन्ना का, दूसरा खरड़ का और तीसरा जगराओं का मनजोत है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस नए पैंतरे से अन्य राज्यों या शहरों में कितने और लोगों को अपना शिकार बनाया है।
Source link
स्नैपचैट पर NRI लड़की बनकर ठगे 2.39 लाख:जगराओं के युवक को ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने का झांसा, मोहाली का आरोपी गिरफ्तार
