Headlines

इलेक्ट्रिक कार में धमाके के बाद लगी आग:कोकर में कार सर्विस सेंटर में भीषण आग, 7 गा​ड़ियां खाक, कर्मचारियों ने 20 गाड़ियां ढकेलकर बचाईं




सदर थाना क्षेत्र के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बासुदेव सर्विस सेंटर में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिसर में खड़े 9 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 7 गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की सूझबूझ से करीब 20 गाड़ियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, खुले परिसर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक हुए विस्फोट के बाद आग लगी। इसके बाद आग ने आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के सटीक तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, बासुदेव टाटा मोटर्स के जीएम सी. शेखर ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड : स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। सर्विस सेंटर के सामने स्थित क्रशर के स्टाफ सुबोध कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे परिसर से धुआं और तेज लपटें उठती दिखीं। इसके बाद क्रशर के कर्मचारियों ने दौड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और जिन गाड़ियों में आग नहीं लगी थी, उन्हें धक्का देकर सुरक्षित बाहर निकाला। दो महीने से सर्विसिंग के लिए खड़ी थी गाड़ी आग में भुरकुंडा निवासी विक्रम कुमार ने बताया कि उन्होंने दो महीने पहले अपनी कार रिपेयरिंग के लिए सर्विस सेंटर में दी थी। इस दौरान उन्होंने कई बार गाड़ी ठीक होने की जानकारी के लिए फोन किया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। रविवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक सर्विस सेंटर से उनके पास फोन आया कि आपकी गाड़ी जल गई है, आकर देख लें। विक्रम ने कहा कि कार को खरीदे अभी सिर्फ तीन साल ही हुए थे और वह ज्यादा चली भी नहीं थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *