![]()
संभल में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मोहल्ले दीपा सराय में बारिश के 48 घंटे बाद भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे नगर पालिका परिषद संभल के जल निकासी के दावों पर सवाल उठ गए हैं। मंगलवार को बारिश रुकने के बावजूद गुरुवार दोपहर 1 बजे तक दीपा सराय चौकी और उसके आसपास के रास्तों पर पानी भरा हुआ था। लोगों को इसी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों की लगातार छुट्टियां हो रही हैं। जो बच्चे स्कूल जा रहे हैं, उन्हें ई-रिक्शा या बाइक से पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। लिंक वाली गलियों तक में पानी भर गया है, और बारिश के दौरान कई घरों के अंदर भी पानी घुस गया था। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका परिषद पर पानी निकासी की कोई व्यवस्था न करने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, इस रास्ते पर 100 से 150 मकान हैं, और सभी निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहम्मद अनस ने बताया कि पानी भरने से काफी परेशानी हो रही है और बच्चों की लगातार छुट्टियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि चार साल पहले पीछे की ओर बने मकानों के कारण यह स्थिति बनी है। सैय्याब नबी के अनुसार, बारिश के बाद मोहल्ला दीपा सराय चौक जाने वाले रास्ते में आठ दिनों तक पानी भरा रहता है। उन्होंने बताया कि आज तीसरा दिन है और पानी अभी भी भरा हुआ है, हालांकि कल के मुकाबले कुछ कमी आई है, लेकिन पूरी तरह राहत नहीं मिली है। तनवीर अली ने कहा कि हल्की बारिश के बाद भी पानी भर जाता है और इसे निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। मदरसा छात्र हसन ने कहा कि बारिश होने के बाद पानी भरा हुआ है अभी तक नहीं उतरा है दो दिन हो गए हैं। यहां दो मस्जिद है उसमें जाने के लिए बाइक का सहारा लेना पड़ रहा है।
Source link
संभल में बारिश के 48 घंटे बाद भी जलभराव:सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मोहल्ले में भरा पानी
