![]()
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित तीसरी मंजिल पर जनरेटर चढ़ा रही क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में जनरेटर पर बैठे दो हेल्पर भारी-भरकम जनरेटर के साथ सीधे जमीन पर आ गिरे। दर्दनाक हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान मनीष (निवासी बिहार) और नवीन (निवासी हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। सेक्टर-19 पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरी मंजिल पर रखा जा रहा था जनरेटर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। कंपनी की तीसरी मंजिल पर क्रेन की मदद से बड़ा जनरेटर पहुंचाया जा रहा था। सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर दोनों हेल्पर (मनीष और नवीन) जनरेटर के ऊपर ही बैठे हुए थे। जैसे ही क्रेन ने जनरेटर को तीसरी मंजिल की ऊंचाई तक उठाया, अचानक वजन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते भारी-भरकम क्रेन एक तरफ पलट गई। जनरेटर पर सवार दोनों हेल्पर कई फीट की ऊंचाई से जनरेटर के साथ ही नीचे पक्के फर्श पर जा गिरे। हादसे में क्रेन चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई और वह बाल-बाल बच गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने खून से लथपथ दोनों युवकों को तुरंत संभाला और एंबुलेंस की मदद से सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।
Source link
पंचकूला में क्रेन हादसा, 2 मजदूरों की मौत:जनरेटर चढ़ाते समय पलटी, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में हुई घटना, मौके पर पहुंची पुलिस
