Headlines

नाक काटते बोला हमलावर- शूर्पणखा बना देंगे:रीवा में दूसरे युवक का सिर फोड़ा; थाने के सामने ही मारपीट का आरोप




रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम चाकूबाजी और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि करीब सात की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने सौरभ वर्मा और एसके शुक्ला के साथ मारपीट करते हुए चाकू और टांगी से हमला कर दिया। हमले में सौरभ वर्मा के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एसके शुक्ला की नाक कट गई। घटना के बाद दोनों घायल किसी तरह अपनी जान बचाकर समान थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़ित शुक्ला के मुताबिक जब उसने मारपीट का विरोध किया तो हमलावरों ने मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए नाक पर हमला कर दिया और कहा कि तुझे शूर्पणखा बना देंगें। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर गाड़ियों से उनका पीछा करते हुए समान थाने के सामने तक पहुंच गए थे। थाने के सामने तक चाकू और टांगी लेकर हमलावरों के पहुंचने की बात सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में भी दहशत का माहौल है। घायलों ने होटल संचालक शिवेंद्र सिंह नामक व्यक्ति पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ितों के मुताबिक विवाद एक निजी होटल में कथित अवैध गतिविधियों का विरोध करने के बाद शुरू हुआ था। उन्होंने होटल में सेक्स रैकेट संचालित होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, होटल में इस तरह की गतिविधि और घटना में किसकी भूमिका है, इसकी पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद समान थाना पुलिस ने दोनों घायलों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ घटना के वास्तविक कारणों और विवाद की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। वहीं, चाकू और टांगी से किए गए हमले में घायल दोनों युवकों का उपचार कराया जा रहा है। समान थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घायलों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *