Headlines

Punjab Chandigarh Big news Today Amritsar Jalandhar Ludhiana Mohali| Mohali Kharar POCSO Case


बठिंडा जिले के थाना भगता भाई का में पुलिस की एक बेहद हैरान करने वाली लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को आपराधिक मामले में नामजद कर दिया है, जिसकी 6 साल पहले ही मौत हो चुकी है।

.

पुलिस ने FIR में जिस व्यक्ति का नाम शामिल किया है, उनका नाम जंगीर सिंह पुत्र जगत सिंह है। जंगीर सिंह की मौत करीब 6 साल पहले हो चुकी है।

पुलिस ने बिना किसी जमीनी जांच या पड़ताल के, शिकायतकर्ता की बातों या पुरानी रंजिश की लिस्ट के आधार पर सीधे मृतक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

जब पुलिस केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की जांच के लिए गांव में पहुंची, तब ग्रामीणों और मृतक के परिवार ने पुलिस को बताया कि वे जिसे ढूंढ रहे हैं, वह तो 6 साल पहले ही दुनिया छोड़ चुका है। परिवार ने पुलिस के सामने जंगीर सिंह का डेथ सर्टिफिकेट भी पेश किया।

इस घटना के सामने आने के बाद बठिंडा पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है। लोग सोशल मीडिया पर पंजाब पुलिस के इस कारनामे का मजाक उड़ा रहे हैं।

सिंगर हंसराज रघुवंशी बनेंगे पिता, बेबी शॉवर का VIDEO शेयर किया

‘मेरा भोला है भंडारी’ फेम सिंगर हंसराज रघुवंशी के घर जल्द किलकारी गूंजने वाली हैं। सिंगर और उनकी पत्नी कोमल सकलानी जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। कपल ने सावन के पवित्र महीने में बेबी शॉवर यानी गोद भराई समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की।

हंसराज रघुवंशी ने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “बहुत-बहुत धन्यवाद भोलेनाथ जी।” बेबी शॉवर समारोह चंडीगढ़ में आयोजित किया गया, जिसमें परिवार और करीबी लोग भी शामिल हुए। वीडियो में कपल इस खास पल को सेलिब्रेट करता नजर आया। हंसराज रघुवंशी अपने परिवार के साथ जीरकपुर में रहते हैं।

हंसराज रघुवंशी और कोमल सकलानी पहली बार माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने 20 अक्टूबर 2023 को शादी की थी। इसके बाद जनवरी 2025 में उत्तराखंड के त्रियुगीनारायण मंदिर में दोबारा 7 फेरे लिए थे। अब करीब डेढ़ साल बाद यह कपल अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाला है। (पढ़ें पूरी खबर)

लुधियाना में ऑडी की टक्कर से स्कॉर्पियो पलटी, एक घायल

लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। मुल्लांपुर के नजदीक उमैरा फ्लैट कट के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार और स्कॉर्पियो के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार फरीदकोट के एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल दोनों ही लग्जरी वाहन लुधियाना की तरफ से मुल्लांपुर की ओर जा रहे थे। जब आगे चल रही ऑडी कार उमैरा फ्लैट कट के पास पहुंची और वहां से मुड़ने लगी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी हवा में उछलती हुई सड़क पर पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार में सवार फरीदकोट निवासी गुरमंदीप सिंह इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)

पंजाब ने राजस्थान से पानी की ₹1.44 लाख करोड़ की रॉयल्टी मांगी, 30 दिन का टाइम दिया

पंजाब सरकार ने पड़ोसी राज्य राजस्थान को पानी की बकाया रॉयल्टी का भुगतान करने के लिए 30 दिन का समय दिया है। जल संसाधन विभाग ने राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर 1,44,083 करोड़ रुपए की बकाया राशि चुकाने को कहा है।

पंजाब सरकार ने चेतावनी दी है कि तय समय में भुगतान नहीं होने पर वह अदालत का रुख करेगी। इसके अलावा पंजाब ने हरियाणा से भाखड़ा नहर के रखरखाव के लिए 312.59 करोड़ रुपए की राशि भी मांगी है।

ब्रिटिश हुकूमत के दौरान 4 सितंबर 1920 को शिमला में बीकानेर के महाराजा, बहावलपुर के नवाब और पंजाब राज्य के बीच पानी को लेकर ऐतिहासिक समझौता हुआ था। इसके बाद नवंबर 1927 से हुसैनीवाला हेडवर्क्स के जरिए पानी की आपूर्ति शुरू की गई।

सतलुज वैली प्रोजेक्ट (1920) के तहत बीकानेर के राजा पर ₹6.50 प्रति एकड़ सालाना ‘जल सेस’ लगाया गया था। 1960 में सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) लागू होने तक राजस्थान सरकार द्वारा पंजाब को पानी की रॉयल्टी दी जाती रही। (पढ़ें पूरी खबर)

मोहाली में नाबालिग से अश्लील हरकतें; सौतेली मां को बताया तो उसने पीटा

मोहाली के खरड़ क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से करीब एक साल तक अश्लील हरकतें की गई। आरोप है कि आरोपी बच्ची को डराकर चुप कराता रहा। बच्ची ने जब यह बात अपनी सौतेली मां को बताई तो उसने मदद करने के बजाय उसके साथ मारपीट की।

थाना सदर खरड़ पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरमुख सिंह और सौतेली मां एकप्रीत कौर के खिलाफ POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने सुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पहली शादी 2014 में हुई थी, जिसका 2019 में तलाक हो गया। पहली शादी से उनकी 12 वर्षीय बेटी है। इसके बाद उन्होंने एकप्रीत कौर से दूसरी शादी की। पिता के मुताबिक, पिछले कुछ समय से बेटी काफी डरी-सहमी रहती थी। कारण पूछने पर बच्ची ने रोते हुए बताया कि सुरमुख सिंह करीब एक साल से उसके साथ अश्लील हरकतें कर रहा था।

शिकायत के मुताबिक, बच्ची ने कई बार यह बात अपनी सौतेली मां एकप्रीत कौर को भी बताई थी। आरोप है कि सौतेली मां ने आरोपी को रोकने या बच्ची की मदद करने के बजाय उसे डराया-धमकाया और मारपीट की। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *