![]()
होशियारपुर तलवाड़ा-ऊना राज्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा खोखा मार्केट के समीप लेबर चौक पर उस समय हुआ, जब एक अज्ञात टिप्पर ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव शहरक के रहने वाले विशम्बर सिंह पुत्र त्रिलोक चंद अपने ससुर राजिंदर सिंह पुत्र प्यारे लाल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के संसारपुर टैरेस में अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जैसे ही वे तलवाड़ा-ऊना मार्ग पर लेबर चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात टिप्पर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर मौत, घायल अस्पताल रेफर टक्कर इतनी भयानक थी कि राजिंदर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, विशम्बर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायल विशम्बर सिंह को बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा ले जाया गया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सड़क हादसे के दो मामले अस्पताल आए थे। उन्होंने पुष्टि की कि राजिंदर सिंह को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि विशम्बर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दसूहा के शिवाल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज तलवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक राजिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीबीएमबी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
Source link
होशियारपुर में हादसे में ससुर की मौत, दामाद घायल:बाइक से रिश्तेदार के पास हिमाचल के संसारपुर जा रहे थे, पीछे से टिप्पर ने मारी टक्कर
