![]()
बिलासपुर में अघोषित बिजली कटौती से परेशान सकरी के नागरिकों और व्यापारियों ने बुधवार (8 जुलाई) को सकरी बंद रखा। व्यापारियों ने बाजार बंद कर बिजली कार्यालय का घेराव किया और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चक्का जाम किया जाएगा। सकरी व्यापारी संघ के अनिल कौशिक ने बताया कि पिछले चार महीनों से सुबह के समय लगातार बिजली कटौती हो रही है। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को तीन बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी के विरोध में व्यापारी संघ ने सकरी बंद का निर्णय लिया, जिसे क्षेत्रवासियों का भी समर्थन मिला। बाजार बंद, व्यापार पर असर बुधवार सुबह सकरी के अधिकांश बाजार और दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली नहीं रहने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो जाते हैं, ग्राहक परेशान होते हैं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पानी की समस्या भी बढ़ी व्यापारियों ने बताया कि सुबह बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कारोबार ठप होने से दुकानदार अपने कर्मचारियों को समय पर मजदूरी तक नहीं दे पा रहे हैं। बिजली कार्यालय का घेराव व्यापारी और स्थानीय नागरिक बिजली कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी व्यापारी संघ ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे सकरी क्षेत्र की जनता की समस्या को लेकर है। यदि अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा चक्का जाम जैसे कदम उठाए जाएंगे।
Source link
अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सकरी बंद:बिलासपुर में नागरिक और व्यापारी सड़क पर उतरे, चक्का जाम की चेतावनी
