![]()
फर्रुखाबाद में बुधवार को हुई तेज बारिश ने नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के प्रमुख बाजारों और मोहल्लों, जैसे घुमना बाजार, तलैया मोहल्ला और मदारबाड़ी, में डेढ़ फीट तक पानी भर गया। इससे सड़कों पर जलभराव हो गया और राहगीरों व दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के सबसे व्यस्त घुमना बाजार की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। दुकानों के सामने पानी भर जाने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई, और कई लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। मदारबाड़ी और तलैया मोहल्ले में भी सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे स्थानीय लोगों को घंटों आवागमन में दिक्कतें हुईं। जलभराव के कारण कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिन्हें लोगों को धक्का लगाकर निकालना पड़ा। स्थानीय दुकानदार इस्लाम भाई ने बताया कि यह समस्या हर बारिश में होती है। उन्होंने नगर पालिका पर नालियों की समय पर सफाई न कराने का आरोप लगाया, जिससे बारिश का पानी नहीं निकल पाता। दुकानदारों का कहना है कि जलभराव से व्यापार भी प्रभावित होता है, क्योंकि ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं। कई बार दुकानों के अंदर तक पानी पहुंचने का खतरा रहता है। दुकानदारों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी प्रणाली की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका हर वर्ष नालों और नालियों की सफाई के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों ने जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और नियमित नालियों की सफाई की मांग की है। ग्रामीण क्षेत्र में भी हो रही बारिश ग्रामीण क्षेत्र की बात करें तो कायमगंज, कमालगंज, अमृतपुर, नवाबगंज, मोहम्मदाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हो रही है। किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए बारिश लाभदायक है। खेतों में जो मक्का खड़ी हुई है उसके लिए भी यह बारिश लाभदायक है।
Source link
बारिश ने खोली नगर पालिका के दावों की पोल:घुमना बाजार, तलैया मोहल्ला में जलभराव; वाहन बंद, लोग परेशान
