![]()
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीएम नायब सिंह सैनी की पत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी के नेतृत्व में निकली यात्रा में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ शिवाला रामकुंडी से हुआ और यह अग्रसेन चौक, लाडवा मेन बाजार तथा भगवान शिव शंकर चौक से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। यहां सुमन सैनी ने शहीद भगत सिंह को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद सुमन सैनी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वीरों के त्याग और बलिदान के कारण देशवासियों को आजादी मिली। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों के आधार पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवान विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति के लिए जानी जाती है। अंबाला में बन रहा शहीदी स्मारक सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक प्रदेश के वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य ऐसा विकास करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे। नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने की अपील उन्होंने नशे को युवाओं, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नशामुक्त और विकसित भारत के संकल्प को लेकर अभियान शुरू किया गया है। युवाओं को नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, नरेंद्र सिंह, विकास शर्मा, अमरेंद्र सिंह, प्रधान जितेंद्र खैरा, परमजीत कश्यप, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, सतबीर मंगोली, सन्नी कालडा, अनिल माटा सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।
Source link
कुरुक्षेत्र में निकाली तिरंगा यात्रा:सीएम सैनी की धर्मपत्नी ने किया नेतृत्व, शहीद भगत सिंह को किया नमन
