Headlines

चंडीगढ़ में पार्षद दफ्तर के पीछे नशे का VIDEO:3 युवक इंजेक्शन लगाते दिखे, पार्षद बोले-यहां रेनोवेशन चल रही; DGP दिला चुके नशे के खिलाफ शपथ




चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन के अभियान के बीच नशे का एक और वीडियो सामने आया है। 5 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा 41 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक दूसरे की टांग में इंजेक्शन लगाता नजर आ रहा है। यह जगह एरिया पार्षद मुनव्वर खान के दफ्तर के पीछे की बताई जा रही है। पार्षद मुनव्वर खान ने क्या कहा… पार्षद मुनव्वर खान के मुताबिक, फिलहाल वह इस दफ्तर में नहीं बैठ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दफ्तर में रेनोवेशन का काम चल रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक कौन हैं और वहां कैसे पहुंचे, इस बारे में वह पता करवाएंगे। मुनव्वर खान पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे और अब कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। 29 सितंबर को DGP ने दिलाई शपथ… यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब चंडीगढ़ पुलिस और प्रशासन शहर को नशे से मुक्त करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। पुलिस की ओर से लोगों को नशे से दूर रहने और नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। 29 सितंबर को पलसोरा में भी चंडीगढ़ पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम किया गया था। इसमें DGP डॉ. सागर प्रीत हुड्डा और SSP कंवरदीप कौर शामिल हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की थी। इस दौरान DGP डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने लोगों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास नशे की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा। कार्यक्रम में लोगों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई थी। इसके बावजूद अब शहर में नशे का इंजेक्शन लगाने का वीडियो सामने आने से पुलिस के अभियान और नशे की सप्लाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सितंबर में भी सामने आए नशे के वीडियो… चंडीगढ़ में सितंबर की शुरुआत में भी नशा करने के कई वीडियो सामने आए थे। इनमें IT पार्क थाना क्षेत्र और मनीमाजरा से जुड़े वीडियो शामिल थे। अब एक बार फिर नशे का वीडियो सामने आने से पुलिस के अभियान पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की ओर से चंडीगढ़ को नशामुक्त करने के लिए पुलिस को 30 सितंबर तक की डेडलाइन दी गई थी। बाद में यह डेडलाइन बढ़ाकर अक्टूबर तक कर दी गई। इसके बावजूद नशे का वीडियो सामने आना पुलिस के लिए चुनौती है। नशा कहां से आ रहा, पुलिस के सामने बड़ा सवाल… वीडियो में जिस तरह युवक इंजेक्शन के जरिए नशा करते दिखाई दे रहे हैं, उससे शहर में नशे की सप्लाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस के सामने सिर्फ नशा करने वाले युवकों तक पहुंचना ही चुनौती नहीं है, बल्कि यह पता लगाना भी जरूरी है कि उन्हें नशे की सामग्री कौन उपलब्ध करा रहा है। युवकों की पहचान में जुटी पुलिस अब पुलिस को वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों युवकों की पहचान करनी होगी। इसके साथ ही यह भी पता लगाना होगा कि उन्हें इंजेक्शन कहां से मिला और शहर में नशे की सप्लाई कौन कर रहा है। अगर पुलिस इन युवकों तक पहुंचती है तो पूछताछ के जरिए नशे की सप्लाई करने वालों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। ऐसे में यह वीडियो पुलिस के लिए नशे के नेटवर्क तक पहुंचने का एक अहम सुराग बन सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *