![]()
लुधियाना के अमन नगर इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। यह बस BCM आर्या स्कूल की बताई जा रही है। इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसने हादसे की असली वजह साफ कर दी ह
.
CCTV वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सड़क पर रेत का ढेर लगा हुआ था। बस की रफ्तार तेज होने के कारण वह रेत के ढेर पर चढ़ गई, जिससे ड्राइवर ने बस से अपना संतुलन खो दिया और बस सीधी जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
धमाके के साथ टूटा खंभा, बस पर गिरीं तारें
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा टूट गया और हाई-वोल्टेज तारें बस के ऊपर आ गिरीं। धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और इलाका निवासी तुरंत मौके की तरफ दौड़े। बस पर बिजली की तारें गिरी देख एक पल के लिए लोगों की सांसें अटक गईं लेकिन स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
चीखते-रोते 20-21 बच्चों को लोगों ने निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के अंदर करीब 20 से 21 स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे के बाद बच्चों में भारी दहशत फैल गई और बस में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत बस के शीशे और दरवाजे खोलकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में कई बच्चों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों को अंदरूनी चोटें भी लगी हैं।
ड्राइवर मौके से फरार, पैरेंट्स ने बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना तुरंत बच्चों के माता-पिता को दी गई। घबराए हुए परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। इलाका निवासियों का आरोप है कि हादसा पूरी तरह से ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। हादसे के तुरंत बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही CCTV के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सामने आए CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है और जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस मामले में में स्कूल प्रबंधन से जानकारी लेने की कोशिश की लेकिन किस्सी ने फ़ोन नहीं उठाया ।
