![]()
सुपौल जिले के बलुआ बाजार में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर 19 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस मौके पर डॉ. मिश्र की प्रतिमा का अनावरण किया जाना है। प्रतिमा अनावरण के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासनिक अधिकारियों की बलुआ बाजार में लगातार आवाजाही हो रही है। डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आरएस, त्रिवेणीगंज एवं वीरपुर के एसडीएम-एसडीपीओ समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। विद्यालय परिसर में हेलीपैड का निर्माण जानकारी के अनुसार डीएम सावन कुमार हाल के दिनों में तीन बार बलुआ पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए बलुआ स्थित मध्य विद्यालय परिसर में हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर मंच, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। मंत्री नीतीश मिश्रा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना अधिकारियों की टीम लगातार स्थल निरीक्षण के साथ बैठकें कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र एवं मंत्री नीतीश मिश्रा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई अन्य नेताओं के भी बलुआ पहुंचने की चर्चा है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है। प्रखंड का दर्जा देने की फिर उठ सकती है मांग बलुआ बाजार को प्रखंड का दर्जा देने की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जाती रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के दौरान क्षेत्र के लोगों द्वारा एक बार फिर बलुआ बाजार को प्रखंड बनाने की मांग उठाए जाने की संभावना है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को मजबूती से रखा जाएगा। तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे डॉ. मिश्र डॉ. जगन्नाथ मिश्र का जन्म 24 जून 1937 को सुपौल जिले के बलुआ बाजार में हुआ था। अर्थशास्त्र में उच्च शिक्षा और पीएचडी करने के बाद उन्होंने बिहार विश्वविद्यालय के एलएस कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के रूप में भी कार्य किया। छात्र जीवन से ही कांग्रेस से जुड़े डॉ. मिश्र बाद में सक्रिय राजनीति में आए। 19 अगस्त 2019 को नई दिल्ली में निधन वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकाल 1975 से 1977, दूसरा 1980 से 1983 और तीसरा 1989 से 1990 तक रहा। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। अपने राजनीतिक और शैक्षणिक योगदान के कारण उन्हें ‘डॉक्टर साहब’ के नाम से भी जाना जाता था। डॉ. जगन्नाथ मिश्र का लंबी बीमारी के बाद 19 अगस्त 2019 को नई दिल्ली में निधन हो गया था। उनकी पुण्यतिथि पर बलुआ बाजार में आयोजित होने वाला कार्यक्रम इस बार विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी अवसर पर उनकी प्रतिमा के अनावरण की तैयारी की जा रही है।
Source link
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 19 को सुपौल पहुंचेंगे:पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
