![]()
फरीदाबाद जिले के तिगांव थाना क्षेत्र के जुनहेड़ा मोड़ के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फरीदाबाद से जुनहेड़ा गांव की तरफ जा रही एक वरना कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार 21 वर्षीय शुभम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सबसे बड़ी बात यह है कि हादसे के बाद घायल हुए तीनों लोगों के बारे में फिलहाल पुलिस और परिजनों को पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है कि वे इस समय कहां और किस अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान फतेहपुर बिल्लौच निवासी शुभम के रूप में हुई है। शुभम बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था और 3 भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के अनुसार वह ज्यादातर समय घर पर ही रहता था और अपनी पढ़ाई पूरी करने की तैयारी कर रहा था। दोस्त के साथ गया था युवक शुभम के पिता अशोक ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे उनके बेटे के पास किसी दोस्त का फोन आया था। दोस्त ने उसे बाहर आने के लिए बुलाया। जब परिवार ने शुभम से पूछा कि वह कहां जा रहा है तो उसने बताया कि उसके दोस्त के परिवार में किसी की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल लेकर जाना है। इसी बात को सच मानकर शुभम घर से निकल गया। अशोक ने बताया कि शुभम के घर से निकलने के बाद वह लोग कहां गए और उसके साथ कौन-कौन था, इसके बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल इतना पता था कि वह किसी दोस्त की कार में गया था और कार में दो-तीन अन्य लोग भी थे। उनमें से एक युवक उनके गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घर से निकलने के बाद शुभम और उसके साथ मौजूद लोग कहां गए, किस अस्पताल में गए और फिर जुनहेड़ा मोड़ तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। परिजनों को अनजान नंबर से आया फोन रातभर शुभम घर नहीं लौटा तो परिवार की चिंता बढ़ गई। सुबह करीब 3 बजे परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। शुभम ने फोन उठाकर बताया कि वह अभी अस्पताल में है और थोड़ी देर बाद घर वापस आ जाएगा। इसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही घर लौट आएगा। लेकिन करीब ढाई घंटे बाद सुबह 5:30 बजे एक अनजान नंबर से परिजनों के पास फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि शुभम का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन आनन-फानन में सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार के लिए यह बात भी परेशानी का कारण बनी हुई है कि शुभम के साथ हादसे के समय मौजूद तीन अन्य लोग अब कहां हैं। युवती समेत 2 युवक घायल बताया गया है कि कार में शुभम के अलावा सेक्टर-82 निवासी 18 वर्षीय निखिल, फतेहपुर बिल्लौच निवासी 19 वर्षीय युवक और दिल्ली निवासी तिशिका नाम की युवती भी सवार थी। हादसे में तीनों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन वो लोग कहा है किस हालत में है पता नहीं चल पाया है। तिगांव थाने के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 4:30 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से जुनहेड़ा गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक कार दीवार से टकरा गई है। कार में चार लोग सवार थे। हादसे में शुभम की मौत हो गई। उसका पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। घायलों की नहीं कोई जानकारी पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल 3 अन्य लोगों की एमएलआर सिविल अस्पताल से कटी हुई है, लेकिन फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि वे किस अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस घायलों का पता लगाने के साथ हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार किस तरह अनियंत्रित हुई और हादसे से पहले उसमें सवार लोग कहां से आ रहे थे। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शुभम के साथ मौजूद तीनों घायल हादसे के बाद कहां गए और उनका इलाज किस अस्पताल में चल रहा है।
Source link
फरीदाबाद में दीवार से टकराई तेज रफ्तार कार:युवक की मौत, युवती समेत 3 घायल लापता; घर से दोस्त बुलाकर ले गया था
