![]()
टोंक जिले में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 80 कट्टे नीम कोटेड यूरिया से भरी पिकअप को जब्त किया है। टीम ने दो लोगों को पकड़कर मेहंदवास थाने को सौंपा है। कृषि विभाग की उर्वरक निरीक्षक टीम ने भी जरूरी कार्रवाई करते हुए यूरिया को सुरक्षित रखने के लिए जीएसएस मेहंदवास को सौंपा है, जबकि पिकअप गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पिकअप में भरा था 80 कट्टे नीम कोटेड यूरिया
डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि बीती देर रात डीएसटी टीम ने मेहंदवास टोल टैक्स के पास एक पिकअप वाहन को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। इसके बाद वाहन को मेहंदवास थाने में खड़ा करवाया गया। मामले की सूचना संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, टोंक को दी गई। सूचना मिलने पर सुबह उर्वरक निरीक्षकों की टीम को मेहंदवास थाने भेजा गया और अवैध उर्वरक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने पिकअप की जांच की तो उसमें 80 कट्टे नीम कोटेड यूरिया भरा मिला। टीम ने यूरिया को जब्त कर सुरक्षित रखने के लिए मेहंदवास जीएसएस को सुपुर्द कर दिया। वहीं, पिकअप वाहन को मेहंदवास थाने में जमा करवाया गया। मामले में पिकअप ड्राइवर दाखिया निवासी नंदसिंह नरुका और मोनू बैरागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। कार्रवाई के दौरान कृषि अधिकारी डॉ. मुकेश गैना, कृषि अधिकारी किरण कुमारी मीणा, सहायक कृषि अधिकारी मेहंदवास बुद्धि प्रकाश बैरवा, कृषि पर्यवेक्षक मेहंदवास महेंद्र चौधरी और जीएसएस व्यवस्थापक रामसहाय माली मौजूद रहे।
Source link
टोंक में अवैध यूरिया से भरी पिकअप जब्त:ड्राइवर समेत 2 के खिलाफ एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस
