![]()
जशपुर जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इसमें पुलिस अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि जांच समय पर पूरी करें और मामलों की विवेचना बेहतर तरीके से की जाए। डीआईजी और एसएसपी ने अधिकारियों को विवेचकों के काम की नियमित निगरानी करने और जरूरत के अनुसार मार्गदर्शन देने को कहा। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होगी। बैठक में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा जैसे मामलों में शामिल लोगों पर तुरंत कार्रवाई करने और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज करने को कहा गया। यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश बैठक में साइबर अपराध, पुलिस व्यवस्था और यातायात सुरक्षा को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए गए। ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों को रोकने के लिए साइबर सेल को शिकायतों का जल्द समाधान करने और जरूरी तकनीकी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने कहा गया। पुलिस मितान योजना को मजबूत करने पर जोर अधिकारियों ने पुलिस मितान योजना को मजबूत करने पर भी जोर दिया। थाना और चौकी प्रभारियों को पुलिस मितानों के साथ नियमित बैठक करने, उनकी सूचनाओं पर कार्रवाई करने और नशा मुक्ति, महिला-बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में गांवों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और कोई भी व्यक्ति थाना या चौकी से निराश होकर वापस न लौटे। साथ ही निगरानी बदमाशों की जांच, पैदल गश्त और क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस को वाहन जांच अभियान चलाने और बिना हेलमेट, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल चलाते हुए वाहन चलाने और शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई करने कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करना पुलिस की प्राथमिकता है।
Source link
डीआईजी-एसएसपी ने लंबित मामलों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश:जशपुर पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में गौ-तस्करी, नशा पर त्वरित कार्रवाई के आदेश
