फायरिंग करते हुए बदमाश सीसीटीवी में हुए कैद।
लुधियाना के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर (BRS Nagar) में देर रात एक पिज्जा शॉप पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने अंदर घुसते ही महज 3 सेकंड के भीतर लगातार 3 गोलियां दाग दी।
.
इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। गनीमत रही कि काउंटर पर बैठा संचालक बाल-बाल बच गए। थाना सराभा नगर पुलिस ने मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में दिखा 3 सेकंड में 3 गोलियां दागीं
दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरे की फुटेज में नजर आ रहा है कि टेबल पर 2 लोग बैठकर बातचीत कर रहे थे। अचानक बाहर से टोपी पहने एक युवक और उसका साथी अंदर दाखिल होते हैं। अंदर आते ही एक बदमाश ने बिना रुके सीधे काउंटर की तरफ पिस्टल तानकर महज 3 सेकंड के अंदर 3 गोलियां दाग दी।

दुकान पर कस्टमर मौजूद।
दूसरे की पिस्टल लोड नहीं हुई
फुटेज में यह भी दिख रहा है कि साथ में आया टोपी वाला युवक भी अपनी पिस्टल लोड करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह फायर नहीं कर पाया। गोलियों की आवाज से दुकान में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी तुरंत बाहर खड़े अपने तीसरे साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गए।

फायरिंग करते हुए सीसीटीवी में कैद
जान से मारने की नीयत से काउंटर पर किया हमला
संचालक गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात करीब 12:45 बजे वह अपनी दुकान पिज्जा वार्म मेक्सिको पर मौजूद थे। तभी बाइक सवार 3 अज्ञात लड़के आए और उन्हें जान से मारने की नीयत से सीधे काउंटर पर 3 फायर झोंक दिए। हमलावरों की तलाश कर रहे जांच अधिकारी (ASI) दविंदर सिंह ने बताया कि मौके से 3 खाली खोल बरामद कर लिए गए हैं।
CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों का हुलिया ट्रेस किया जा रहा है और इलाके के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के भागने का रूट पता चल सके।
