![]()
मेरठ में देर रात कुछ क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश के बाद बुधवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने और हवा चलने से उमस से राहत के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश या आंधी आ सकती है। इससे पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में नमी करीब 75 प्रतिशत रहने से बारिश से पहले उमस का असर बना रह सकता है। दोपहर बाद मौसम में बदलाव के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, मेरठ की हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। विभिन्न एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार AQI करीब 115 से 138 के बीच दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। बारिश होने पर प्रदूषण के स्तर में अस्थायी सुधार की उम्मीद है। मौसम में बदलाव का असर अगले कुछ दिनों तक भी देखने को मिल सकता है। गुरुवार को भी मेरठ में बारिश के कई दौर आने का अनुमान है। इस दौरान आसमान अधिकांश समय बादलों से घिरा रह सकता है और बारिश की संभावना 90 प्रतिशत से अधिक बताई गई है। हालांकि इस सीजन में अभी तक बारिश के आंकड़े देखें तो जुलाई और अगस्त में अभी तक सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इसके साथ ही 1 जून से अब तक 73 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं जुलाई में हुई बारिश से बीते 24 वर्षों का रिकॉर्ड भी टूटा है।
Source link
मेरठ में देर रात से बदला मौसम का मिजाज:हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस से मिली राहत, आज बारिश के आसार
