सोनीपत1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सोनीपत सेक्टर-12 में सोमवार दोपहर घर के बाहर एक रिटायर्ड जेई पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला करते कार सवार।
हरियाणा के सोनीपत में भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर एक रिटायर्ड जेई पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया गया। हमलावर कार से आए और आते ही घर के बाहर मौजूद रिटायर्ड जेई पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका बेटा बाहर आया और कस्सी लेकर हमलावरों से भिड़ गया।
बेटे का हौसला देख हमलावर कार से फरार हो गए। इसके बाद घायल रिटायर्ड जेई को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने शरीर में कुल चार गंभीर चोट बताई हैं। तीन चोटों में ऑर्थो ओपिनियन और एक चोट में एडवांस्ड सर्जन ओपिनियन की जरूरत बताई है।
इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार सवार लोग रिटायर्ड जेई पर हमला करते दिखाई दे रहे है। पीड़ित ने वीडियो के साथ पुलिस से शिकायत की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा की मांग भी की है।
घायल की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने ठेकेदार समेत कई आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। घटनास्थल पर पहुंच कर जांच भी की।
वारदात की अलग-अलग तस्वीर देखिए…

रामकिशन अपने घर के बाहर हुक्का भर रहा था, तभी कार सवार हमलावर वहां आए।

कार से उतरकर हमलावरों ने रिटायर्ड जेई को घेर लिया।

रामकिशन का बेटा कस्सी लेकर बचाव करने दौड़ा तो हमलावर वहां से भाग गए।
घायल रिटायर्ड जेई ने पुलिस को बताई हमले की वजह…
- विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायतों से शुरू हुआ विवाद: घायल रामकिशन नागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से JE पद से रिटायर्ड हैं और हुडा पब्लिक हेल्थ यूनियन नंबर 1266 के राज्य प्रधान हैं। उनका आरोप है कि HSVP विभाग के कुछ अधिकारियों ने ठेकेदार इन्द्रजीत सिंह के साथ मिलकर विभाग में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी थीं। इसके बाद उनकी यूनियन ने अधिकारियों को नोटिस देकर 10 अगस्त से HSVP सेक्टर-15 कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू किया।
- 7 अगस्त को दो यूनियन सदस्यों से मारपीट की गई:रामकिशन का आरोप है कि इससे पहले 7 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे HSVP कार्यालय में ठेकेदार इन्द्रजीत सिंह ने टीनू, राकेश, बलत और जितेन्द्र को उकसाकर यूनियन सदस्य सुरेंद्र रंगा और ध्रुव कुमार के साथ मारपीट की। यूनियन की ओर से 10 अगस्त को XEN अजीत सिंह को इसकी लिखित शिकायत दी गई थी।
- 11 अगस्त को प्रदर्शन के दौरान रिटायर्ड JE से मारपीट: इसके बाद 11 अगस्त को करीब 1:15 बजे रामकिशन नागर यूनियन सदस्यों के साथ यूनियन कार्यालय से HSVP गेट की तरफ प्रदर्शन करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान एस्टेट ऑफिसर के कार्यालय के सामने ठेकेदार इन्द्रजीत सिंह ने जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। आरोप है कि इस घटना में उनका दाहिना हाथ टूट गया। रामकिशन ने इसकी शिकायत 11 अगस्त को थाना सेक्टर-27 में देकर इन्द्रजीत सिंह और टीनू से जान का खतरा बताया। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
- 17 अगस्त को घर के बाहर दोबारा हमला:रामकिशन के अनुसार 17 अगस्त को दोपहर करीब 2:45 बजे वह अपने सेक्टर-12 स्थित मकान के पिछले गेट से बाहर आए। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार इन्द्रजीत सिंह अन्य लोगों के साथ कार में वहां पहुंचा। आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। बेटे ने उसे हमलावरों से किसी तरह बचाया। रामकिशन ने HSVP से जुड़े कुछ अधिकारियों पर भी इस हमले के पीछे होने का आरोप लगाया है।करप्शन की शिकायत पर

हॉस्पिटल में एडमिट रामकिशन
रिटायर्ड JE ने परिवार की सुरक्षा मांगी
रामकिशन नागर वर्तमान में सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर MLR प्राप्त की। इसमें डॉक्टर ने कुल चार ब्लंट चोट दर्ज की हैं। तीन चोटों में ऑर्थो ओपिनियन और एक चोट में एडवांस्ड सर्जन ओपिनियन की जरूरत बताई गई।
रामकिशन नागर ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। उनका कहना है कि अब घर के बाहर हमला होने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। XEN बोले-रिटायर हो चुके जेई का यही काम इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने HSVP एक्सईएन अजीत सिंह से बात की। उन्होंने पहले कहा कि आमने-सामने आकर बातचीत कर लें, क्योंकि उनके पास एडिशनल चार्ज है। लगातार सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोपों को एक बार चेक करेंगे।
रामकिशन के आरोपों पर अजीत सिंह ने कहा कि वह करीब 15 साल से रिटायर्ड होकर बैठे हैं और उनका तो रोज का काम है। उन्होंने दावा किया कि रामकिशन ने जिन ठेकेदारों की शिकायत की है, उनकी पेमेंट रोक रखी है। ठेकेदार का समर्थन करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि रामकिशन ने उसके साथ मारपीट भी की है और इसकी वीडियो मौजूद है। इसके बाद उन्होंने कहा, “ठीक है, बाद में बात करेंगे।”

पुलिस मामले में जांच कर रही है
SC/ST एक्ट की धाराओं में मुकदमा
थाना सेक्टर-27 सोनीपत में मुकदमा नंबर 209 दिनांक 18 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 191(3), 190, 115(2), 126(2), 351(3), 61(2) तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(R), 3(1)(S) और 3(2) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में SC/ST एक्ट की धाराएं भी लगी हैं। इसलिए मौजूदा जांच अधिकारी ने राजपत्रित अधिकारी नियुक्त करने के लिए उच्च अधिकारियों को अलग से पत्र लिखने की बात कही है।

