Headlines

कोडरमा में जंगली खुखड़ी खाने से लोग बीमार:एक ही परिवार के 6 लोग पहुंचे अस्पताल, डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग




कोडरमा के डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य बीमार हो गए। इनमें चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। खुखड़ी खाने के कुछ देर बाद सभी के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। इसके बाद लगातार उल्टियां होने लगीं। परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने बेटे निर्मल यादव के साथ खेत में धान रोपने गई थीं। देर शाम जब दोनों घर लौटे, तो देखा कि बच्चे और बहू काफी परेशान थे। उन्हें लगातार उल्टियां हो रही थीं। पूछताछ करने पर पता चला कि शाम में खुखड़ी खाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। शकुंतला देवी के अनुसार, बीमार परिवार के सदस्यों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग सदर अस्पताल कोडरमा में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने सभी की प्रारंभिक जांच की और आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर ने बताया कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला है। खुखड़ी खाने के कारण ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। बीमार होने वालों में 13 वर्षीय नैतिक कुमार, 12 वर्षीय सूरज कुमार, 10 वर्षीय उज्जवल कुमार, 16 वर्षीय मौसम कुमारी, 30 वर्षीय मुन्नी देवी और 36 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं। इनमें मुन्नी देवी का उपचार घर पर ही किया गया है, जबकि अन्य सभी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। अस्पताल में भर्ती बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकों की निगरानी में जांच और उपचार किया जा रहा है। 400 रुपए किलो खरीदी थी खुखड़ी परिजन निर्मल यादव ने बताया कि उन्होंने स्थानीय बाजार से 400 रुपए प्रति किलो की दर से खुखड़ी खरीदी थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बुधवार शाम इसे खाया। खाने के कुछ ही समय बाद तबीयत बिगड़ने लगी। पहले पेट में दर्द हुआ और फिर उल्टियां शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर सभी को सदर अस्पताल ले जाया गया। परिवार के अनुसार, एक साथ छह सदस्यों की तबीयत खराब होने से घर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद इसे फूड पॉइजनिंग बताया है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत सामान्य है। उनका इलाज जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *