![]()
पलवल में नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन कर्मचारी यूनियन की राज्यव्यापी हड़ताल शुक्रवार को 16वें दिन भी जारी रही। हड़ताल को समर्थन देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना अन्य पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से तत्काल बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की। जिला प्रधान अधाना ने बताया कि पलवल नगर परिषद में 13 नए गांव शामिल किए गए हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों की संख्या में कोई वृद्धि नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ गया है और शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। उन्होंने ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग का भी समर्थन किया। गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा : अधाना कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह हठधर्मिता छोड़कर सर्व कर्मचारी संघ और नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों से बातचीत करे और सभी जायज मांगों को तुरंत पूरा करे। कांग्रेस नेताओं ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही, नेता प्रतिपक्ष द्वारा इन मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। कर्मचारियों की मुख्य मांगें सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया और फॉयर ब्रिगेड कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान किशोर कुमार ने बताया कि डोर-टू-डोर और ऑपरेशनल मेंटेनेंस ठेकों को समाप्त कर कर्मचारियों को पे-रोल पर लेने, समान काम का समान वेतन, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपए, कैशलेस मेडिकल सुविधा, रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती और पुरानी पेंशन बहाली जैसी मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में कर्मचारियों में रोष है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि सीएम द्वारा सीवर एवं सफाई कर्मचारियों के लिए घोषित 2100 रुपए की बढ़ोतरी का लाभ किसी भी कर्मचारी को नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2020 से किसी भी सफाई कर्मचारी को वर्दी एवं जूते का भत्ता नहीं दिया गया है।
Source link
पलवल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन:जिला अध्यक्ष धरना स्थल पर पहुंचे, नेत्रपाल बोले- बातचीत कर समाधान निकाले सरकार
