सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रोड़ समाज के नेता पवन ढाकला से बातचीत होने का दावा किया गया है।
करनाल के बहुचर्चित बीरू वाल्मीकि मर्डर केस में गुरुवार को अलग-अलग सोशल मीडिया ग्रुपों में 1 मिनट 7 सेकेंड का एक ऑडियो वायरल किया गया। दावा है कि ये रोड़ समाज के नेता पवन ढाकला और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग
.
इस रिकॉर्डिंग में करनाल से BJP विधायक जगमोहन आनंद का इस्तीफा ले लेने, रोड़ समाज की नाराजगी, पिछले चुनाव में कांग्रेस को वोटों का नुकसान पहुंचाने और इस मुद्दे को अगले चुनाव तक जिंदा रखने की बात है। ढाकला हुड्डा को सलाह भी दे रहा हे कि वह इस मुद्दे पर कुछ भी ना बोलें, वरना मामला डाइवर्ट हो जाएगा।
दैनिक भास्कर ने इस मामले में पवन ढाकला से संपर्क किया तो उन्होंने माना कि उनकी हुड्डा से बात हुई थी। फेसबुक पर भी लाइव आकर भी उसने माना कि भूपेंद्र हुड्डा से उसकी ही बात हुई थी। हालांकि ऑडियो कैसे वायरल हुई, इसका स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पहले कहा कि सीआईए ने उनका मोबाइल ले लिया था। फिर कहा कि उनका नंबर सर्विलांस पर हो सकता है।
दूसरी तरफ, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मेरे पास दिन भर काफी फोन आते हैं। इनसे भी बात हुई होगी। मैं किसी के खिलाफ नहीं हूं, यदि कोई ऑडियो वायरल हो रही है, उसमें मैंने किसी के बारे में गलत नहीं बोला होगा। मेरी लिए सभी समाज बराबर है।
वहीं, सोशल मीडिया ग्रुपों में जिस नंबर 7275542209 से ये ऑडियो वायरल किया गया, उसे अमित मिश्रा नामक व्यक्ति ने गुरुवार शाम को ही इन ग्रुपों में एड किया। अमित मिश्रा सोशल मीडिया पर आमतौर पर BJP से जुड़ी न्यूज-प्रेसनोट डालते हैं। मिश्रा ने पहले कहा कि वो भाजपा के वर्कर हैं। फिर कुछ देर में दोबारा बातचीत की तो कहा- भाजपा या किसी पार्टी से नहीं जुड़ा हूं।
ग्रुप एमिशन की डीपी पर सीएम सैनी संग PHOTO

पहली तस्वीर….अमित मिश्रा के वॉट्सएप नंबर की DP में सीएम नायब सैनी के साथ यही फोटो लगी है। दूसरी तस्वीर में… BJP की खबरें डालने वाले वाला वह ग्रुप, जिसके एडमिन अमित मिश्रा ने ऑडियो डालने वाले नंबर को ग्रुप में ऐड किया था।
SP से मिले परिवार और समाज के लोग
उधर, शुक्रवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने SP नरेंद्र बिजारणिया से मुलाकात कर मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रधान राजेंद्र मान ने कहा कि कि बीरू की छोटी बहन को नौकरी देने, मुआवजा देने और परिवार को आर्म्स लाइसेंस देने की मांग की गई थी, लेकिन इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। बीरू हत्याकांड में छह से सात लोगों के नाम दिए गए थे, लेकिन पुलिस ने इनमें से किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है।
समाज के लोगों ने हर्ष और बीरबल के एनकाउंटर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हर्ष और बीरबल के नाम FIR में नहीं थे। जब DSP हेडक्वार्टर से इस बारे में पूछा गया कि FIR में नाम नहीं होने के बावजूद दोनों का एनकाउंटर कैसे हुआ, तो DSP ने बताया था कि बीरू हत्याकांड में हर्ष और बीरबल भी शामिल थे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
अब जानिए…इस ऑडियो को लेकर किसने क्या बोला
ढाकला बोले-मैंने ही 2 दिन पहले हुड्डा साहब को कॉल किया था
पवन ढाकला ने कहा- मैंने ही 18 अगस्त को हुड्डा साहब को फोन किया था। मैंने यही कहा कि आप हमारे समाज के मैटर में मत आना। ये ऑडियो मैंने वायरल नहीं की। मेरी और हुड्डा साहब की बात हुई, ये भी मेरे अलावा किसी को नहीं पता था। मेरा फोन टैप किया गया।
मुझे नहीं पता, कौनसी एजेंसी द्वारा टैप किया गया, लेकिन अगर आप ऑडियो सुनोगे तो उसकी क्वालिटी से यही लग रहा है फोन टैपिंग करके ऑडियो लिया गया है। ढाकला ने आगे कहा- मेरा परिवार कांग्रेस से काफी पुराना जुड़ा हुआ है। मैं खुद भी कांग्रेसी हूं और रोड़ धर्मशाला में मेंबर हूं।

BJP से जुड़ी खबरों–प्रेसनोट वाले व्हाट्सअप ग्रुपों में डाली गई ऑडियो।
मिश्रा बोले-ग्रुप में सिर्फ नंबर एड किया, ऑडियो वायरल नहीं की
ये ऑडियो पानीपत डिस्ट्रिक्ट मीडिया, पानीपत विधानसभा प्रेस इन्फो और करनाल विधानसभा वॉट्सएप ग्रुपों में शेयर की गई। इन ग्रुपों में हिम्मत सिंह, अमित मिश्रा, कंवर शीशपाल और ऑफिस नाम से (7275542209) चार एडमिन हैं। आखिरी नंबर गुरुवार को ही अमित मिश्रा ने ग्रुपों में एड किया और उसे एडमिन राइट्स दिए। उसके कुछ देर बाद ही ये ऑडियो ग्रुपों में डाली गई। इन ग्रुपों में ज्यादातर भाजपा के प्रचार से जुड़ी खबरें और प्रेसनोट ही डाले जाते हैं।
इस बारे में पूछने पर अमित मिश्रा ने कहा- ऑडियो मैंने नहीं डाली। मेरे पास तो उस नंबर से मैसेज आया था कि मैं पत्रकार हूं और मुझे अपने ग्रुप में एड कर दो। इसके बाद मैंने ग्रुप में उसे एड कर दिया। मैं तो इन ग्रुप में सबकी खबरें शेयर करता हूं।
मिश्रा ने करनाल विधायक जगमोहन आनंद का पीआरओ होने या BJP में कोई पद होने से इनकार किया। पहली बार में उसने खुद को भाजपा का वर्कर बताया लेकिन कुछ देर बाद, दोबारा फोन करने पर कहा-मेरा किसी पार्टी में कोई पद नहीं है। अपने व्हाट्सअप नंबर की DP पर CM नायब सैनी के साथ फोटो से जुड़े सवाल पर कहा- किसी के भी साथ फोटो लगा सकते है, इसमें अगर फोटो लगा ली तो क्या हो गया?

13 दिन पहले पुलिस ने एनकाउंटर में दोनों बदमाशों को मार गिराया था।
डबल एनकाउंटर को फर्जी बता रहा है रोड़ समाज
बीरू वाल्मीकि मर्डर के अगले दिन आधी रात को करनाल पुलिस ने एनकाउंटर में हर्ष और बीरबल नामक युवकों को मार दिया। हर्ष रोड़ समाज का है। इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए समाज का दावा है कि पुलिस ने हर्ष को कस्टडी में लिया था। उसके बाद वाल्मीकि समाज को शांत करने के लिए हर्ष का एनकाउंटर दिखा दिया।
इसी मुद्दे पर 12 अगस्त को कुरुक्षेत्र में रोड़ समाज की महापंचायत हुई थी। समाज के लोगों ने इसमें करनाल विधायक जगमोहन आनंद की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पुतला फूंका गया। कहा कि 6 अगस्त को वाल्मीकि समाज के बीच विधायक ने शाम तक रिजल्ट देने की बात कही। कुछ घंटे पर डबल एनकाउंटर हो गया। महापंचायत में 3 प्रमुख मांगें रखी गईं। पहली– इस मामले की CBI या सिटिंग जज से जांच करवाना। दूसरा– करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया का ट्रांसफर करना। तीसरी– एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करना।
इसके बाद 18 अगस्त को करनाल में फिर रोड़ समाज की पंचायत हुई। 19 अगस्त को सरकार ने लेटर जारी कर मामले की जांच करनाल पुलिस से लेकर स्टेट क्राइम ब्रांच को सौंप दी। हालांकि रोड़ समाज इससे संतुष्ट नहीं है। अब 24 अगस्त को फिर पंचायत रखी गई है। उससे पहले ये ऑडियो वायरल किया गया।
कई सीटों पर रोड़ समाज का असर
हरियाणा में कई विधानसभा सीटों पर रोड़ समाज के वोट निर्णायक साबित होते हैं। कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत की कई सीटों पर इस समाज का असर है। वर्तमान में रोड़ समाज से दो विधायक हैं और दोनों BJP के हैं। इनमें घरौंड़ा विधायक हरविंदर कल्याण विधानसभा स्पीकर भी हैं। सतपाल जांबा कैथल की पुंडरी सीट से MLA हैं। हर्ष एनकाउंटर के बाद रोड़ समाज एकजुट दिख रहा है। ऐसे में चर्चा है कि रोड़ समाज की तीसरी पंचायत से पहले ये ऑडियो वायरल करने के पीछे सियासी मकसद हो सकता है।

12 अगस्त को कुरुक्षेत्र में रोड़ समाज की महापंचायत हुई थी।
वाल्मीकि समाज ने की पंचायत, प्रशासन पर मांगें न मानने का आरोप
उधर, बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में वाल्मीकि समाज की पंचायत शुक्रवार को सेक्टर-12 में हुई। समाज के लोगों ने कहा कि सरकार से बीरू की छोटी बहन को नौकरी दिए जाने, मुआवजे और परिवार को आर्म्स लाइसेंस देने की मांग थी, लेकिन प्रशासन की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई जवाब नहीं आया है। छह से सात लोगों के नाम दिए गए थे, लेकिन उनमें से भी पुलिस ने किसी को अरेस्ट नहीं किया। कोई भी जानकारी परिवार को नहीं दी गई है। निर्णय लिया गया है कि जल्दी ही इस मामले को लेकर एसपी से मुलाकात की जाएगी।
अब जानिये…वायरल ऑडियो में है क्या
पहला व्यक्ति – चौधरी साहब नमस्ते (आवाज स्पष्ट नहीं)
दूसरा व्यक्ति – नमस्ते
पहला – सर मैं पवन ढाकला, रोड़ धर्मशाला करनाल से।
दूसरा व्यक्ति – हां जी
ढाकला – साहब हमने, मतलब बहुत पूरा जोर लगा रखा है जगमोहन आनंद का इस्तीफा तो हो गया समझो।
दूसरा – ऐं…
ढाकला – जगमोहन आनंद का सर इस्तीफा तो ले लेंगे हम
दूसरा व्यक्ति – अच्छा
ढाकला – अपनी मुश्किल तो ये जी और उसके बाद ये जितने रोड़ हैं नी ..
दूसरा व्यक्ति – ऐं…
ढाकला – ये इन्होंने आपना दिमाग दूसरी तरफ चेंज करा, आज नहीं तो ये वहीं पड़े थे भाजपा
दूसरा व्यक्ति – हं-हं
ढाकला – आप मत.…कुछ बोलना
दूसरा व्यक्ति – आपा ने के करना है यार
ढाकला – नहीं ये तो देखो पता है जी ये न भीड़ होती है
दूसरा व्यक्ति – हां
ढाकला – ये तो भगत थे, मतलब इन्होंने ही हमारी 5-7 सीटों का नुकसान करा नहीं तो सरकार हमारी थी।
दूसरा व्यक्ति – हां
ढाकला – बस आप तो इनमें कुछ न बोलियो जी… नहीं तो लोग उल्टा ले लेंगे। हम निपटा देंगे जी इन्नै। सारे रोड़ इकट्ठे हो गए है
दूसरा व्यक्ति – हमने कै बोलना है
ढाकला – नहीं फिर वो न्यू कह देंगे ना लोग, …सारे न्यू लग रहे कहन भाई भाजपा को तो हमने वोट देनी ही नहीं। बस जब तक अगले इलेक्शन ना हो, इस मुद्दे को कहीं ना कहीं कायम रखना पड़ेगा क्योंकि लोगों का दिमाग तो बहुत छोटा…
(दावा है कि दूसरी आवाज भूपेंद्र सिंह हुड्डा की है। दैनिक भास्कर ऑडियो या बातचीत की पुष्टि नहीं करता।)

——————–
बीरु वाल्मीकि हत्याकांड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें….
करनाल में पॉइंट ब्लैंक से युवक की गोली मारकर हत्या:चूड़ा पहन पत्नी सड़क पर बैठी, बोली-आरोपियों का एनकाउंटर हो; दावा-भाऊ गैंग ने मारा

हरियाणा के करनाल में बदमाशों ने भरे बाजार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक एक्टिवा पर अपनी बहन के घर जा रहा था। बाइक सवार 2 बदमाशों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया। भगवडिया गैस एजेंसी के पास पहुंचते ही उसके सिर में गोली मार दी। (पूरी खबर पढ़ें)
बीरू हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:करनाल SP ने पत्नी से मांगे थे 10 घंटे; परिवार ने 5 गन लाइसेंस मांगे

हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर के 27 घंटे बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया। घोघड़ीपुर नहर के पास आधी रात को पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायर हुए। पुलिस ने AK-47 राइफल से बदमाशों को ढेर किया। (पूरी खबर पढ़ें)
