![]()
सहारनपुर में महिला थाना पुलिस ने शनिवार सुबह सात बजे दहेज उत्पीड़न के मामले में एक विवाहिता की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने सरकारी बैंक नौकरी का झांसा देकर शादी की और बाद में 20 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। बड़गांव थाना क्षेत्र के शब्बीरपुर गांव निवासी जूली उर्फ पूजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। उसका विवाह 5 फरवरी 2022 को हरियाणा के करनाल जिले के असंध थाना क्षेत्र के सालवान गांव निवासी दीपक पुत्र विनोद उर्फ लोधी के साथ हुआ था। विवाह में उसके नाना भूप सिंह ने करीब 14 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसके लिए उन्होंने पुश्तैनी जमीन भी बेची थी। विवाहिता के अनुसार, शादी से पहले उसे बताया गया था कि दीपक बैंक में सरकारी नौकरी करता है। हालांकि, शादी के बाद उसे पता चला कि दीपक बैंक में कार्यरत नहीं है। आरोप है कि दीपक ने कई लोगों से लगभग 20 लाख रुपये का कर्ज ले रखा है और इस कर्ज को चुकाने के लिए वह लगातार जूली पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पैसे लाने से इनकार करने पर पति दीपक ने उससे मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। वह उसे जान से मारने और दूसरा विवाह करने की धमकी भी देता था। विवाहिता ने पति की इन हरकतों की जानकारी उसके छोटे भाई गोल्डी,ताऊ के बेटे मोन्टी और शैली समेत अन्य रिश्तेदारों को भी दी थी। लेकिन,आरोप है कि इन लोगों ने दीपक को समझाने के बजाय विवाहिता की ही गलतियां निकालनी शुरू कर दीं। जूली उर्फ पूजा ने 30 अप्रैल 2026 को महिला थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Source link
सहारनपुर में बैंक में नौकरी का झांसा देकर शादी की:20 लाख का कर्ज चुकाने को मांगे पैसे,विरोध पर विवाहिता से मारपीट, पति समेत तीन पर FIR
