Headlines

79 मवेशियों की तस्करी का भंडाफोड़:दो आरोपी गिरफ्तार, जंगल के रास्ते डिंडौरी ले जाते पकड़े गए




शहडोल में सोहागपुर थाना पुलिस ने जमुआ गांव के पास मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 79 मवेशियों को मुक्त कराया। आरोपियों ने बताया कि वे इन मवेशियों को जंगल के रास्ते पैदल डिंडौरी ले जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बड़ी संख्या में मवेशियों को रस्सियों से बांधकर जंगल के रास्ते डिंडोरी की ओर ले जा रहे हैं। इस जानकारी पर सोहागपुर पुलिस ने जमुआ गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। मौके से सभी 79 मवेशियों को भी सुरक्षित किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूपपुर जिले के करण पठार क्षेत्र निवासी छोटू यादव और अशोक सिंह गोंड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को बुढार के बिरहुली के विभिन्न स्थानों से इकट्ठा किया गया था। उन्हें वाहनों के बजाय पैदल जंगल के रास्ते डिंडोरी ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन मवेशियों को कहाँ ले जाया जा रहा था और इस तस्करी में कौन-कौन अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मुक्त कराए गए सभी मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए एक किसान के सुपुर्द किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *