![]()
छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बन रहा है। इसके असर से आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को रायपुर में सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश से सुंदरनगर इलाके में महादेवघाट रोड पर जलभराव हो गया है। प्रदेश में 1 जून से अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य श्रेणी में है। हालांकि, सामान्य से 8% कम बारिश दर्ज की गई है। पहले देखिए ये तस्वीरें- रामचंद्रपुर में सबसे ज्यादा 50 एमएम बारिश पिछले 24 घंटे में रामचंद्रपुर में सबसे ज्यादा 50 एमएम बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा रोड और अंतागढ़ में 40-40 एमएम बारिश हुई। रेंगाखार कला, पखांजूर और मरवाही में 30-30 एमएम बारिश दर्ज की गई। सकौला, धनोरा, कोटाडोल, पोंडी बचरा और पौड़ी उपरोड़ा में 20-20 एमएम बारिश हुई। पसान, कोरबा, पेंड्रा, फरसगांव, दुर्ग, औंधी, गंगालूर समेत कई अन्य इलाकों में 10-10 एमएम बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार रायपुर में 23 अगस्त को आसमान बादलों से घिरा रहेगा। शहर में बारिश या गरज-चमक के साथ कई दौर की बौछार पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अंबिकापुर रहा सबसे गर्म प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। सामान्य से 8% कम बारिश हुई छत्तीसगढ़ में मानसून की बारिश का आंकड़ा अभी सामान्य श्रेणी में बना हुआ है, लेकिन जिलों के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। 1 जून से 22 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 778 एमएम बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 844.8 एमएम मानी जाती है। यानी प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से 8% कम बारिश हुई है। हालांकि, कई जिलों में जरूरत से ज्यादा बारिश हुई है, वहीं 7 जिलों में बारिश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सबसे ज्यादा कमी सरगुजा जिले में दर्ज की गई है। सरगुजा में 42% कम बारिश, बेमेतरा भी पीछे 22 अगस्त तक सरगुजा में सिर्फ 502.1 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि तक 872.3 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। यानी जिले में 42% कम बारिश हुई है। बेमेतरा में भी स्थिति लगभग ऐसी ही है। यहां 457.7 एमएम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 772 एमएम के मुकाबले 41% कम है। कांकेर में सामान्य से 40% कम बारिश हुई है। जशपुर में 34%, बस्तर में 27%, कोंडागांव में 23% और सुकमा में 20% बारिश की कमी दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 51% ज्यादा बारिश प्रदेश में सबसे ज्यादा अतिरिक्त बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हुई है। यहां 1017 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 673.7 एमएम है। यानी जिले में सामान्य से 51% ज्यादा बारिश हुई है। बलरामपुर में सामान्य से 43% ज्यादा बारिश हुई है। मुंगेली में 32%, महासमुंद में 23% और बलौदाबाजार में 22% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
Source link
छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन बारिश का अलर्ट:बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम, अब तक सामान्य से 8% कम पानी गिरा
