Headlines

गाजीपुर में दो लोगों की डूबने से मौत:प्रशासन ने कहा- बाढ़ से नहीं हुई जनहानि, परिवारों को 4-4 लाख की राहत




गाजीपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की पानी में डूबने से मौत के बाद प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि दोनों घटनाएं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में हुईं, लेकिन इन्हें सीधे तौर पर बाढ़ से हुई जनहानि नहीं माना गया है। इसके बावजूद प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिवारों को आपदा राहत के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है। चरी काटने गए युवक की डूबने से मौत मुहम्मदाबाद तहसील के शाहबाजकुली गांव निवासी विशाल यादव रविवार दोपहर करीब एक बजे पशुओं के लिए चरी काटने गया था। वह गंगा के बाढ़ के पानी से भरे खेत की ओर गया था। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक तलाश करने के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नोनहरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि जांच के अनुसार युवक नाले में गिर गया था। इसलिए इस घटना को बाढ़ से हुई जनहानि की श्रेणी में नहीं रखा गया है। मुहम्मदाबाद एसडीएम ध्रुव शुक्ला सोमवार को शाहबाजकुली गांव पहुंचे और विशाल यादव की मां को चार लाख रुपये की आपदा राहत राशि का चेक सौंपा। चेक लेते समय मां भावुक हो गईं। भैंस बचाने के दौरान उमाशंकर की मौत दूसरी घटना रेवतीपुर क्षेत्र के तालुका सिकंदरपुर की है। खुदरा पथरा गांव निवासी 58 वर्षीय उमाशंकर यादव रविवार सुबह भैंस चराने के लिए निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में उनके पानी में डूबे होने की सूचना मिली। पीएसी, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से उन्हें पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डीएम के मुताबिक, उमाशंकर आबादी से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में भैंस चराने गए थे। भैंस को बचाने के प्रयास में वह पानी में चले गए और डूब गए। प्रशासन ने इस घटना को भी सीधे तौर पर बाढ़ से हुई जनहानि नहीं माना है। सेवराई एसडीएम गजराज सिंह यादव मृतक के घर पहुंचे और उनके तीनों भाइयों को चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे। विधायक ओमप्रकाश सिंह ने परिवार से की मुलाकात सोमवार शाम समाजवादी पार्टी के जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह भी मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार खुद को अकेला न समझे। किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर वे परिवार के साथ खड़े हैं। प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नालों और पानी से भरे खेतों अथवा अन्य स्थानों पर जाने से बचें। प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *