![]()
बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। मुंडाखेड़ा गांव में एक मस्जिद की पुरानी दीवार ढहने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शाम करीब 5:30 बजे हुई। मृतकों की पहचान सलीम 45 वर्ष) और आजिब के रूप में हुई है। घायलों में सलीम की पत्नी फुल्लो (50 वर्ष), उनकी दो बेटियां जैनब (11 वर्ष) और नाजरीन (15 वर्ष), तथा रिजवान (16 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार मस्जिद की दीवार के सहारे पॉलीथिन का तंबू लगाकर रहता था और मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य तंबू के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे, तभी बारिश से कमजोर हुई दीवार अचानक उन पर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए हथौड़ों और सब्बल की मदद से मलबे को हटाया और नीचे दबे छह लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ), स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। मस्जिद के पास स्थित एक पुराने सरकारी स्कूल की भूमि को नीलामी में खरीदा गया था। आरोप है कि भूमि खरीदने वाले व्यक्ति ने खुदाई के दौरान जमीन को काफी गहराई तक खोदा था और बाद में मिट्टी नहीं भरी। लगातार बारिश के कारण दीवार के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
Source link
मस्जिद की दीवार गिरने से दो की मौत:चार लोग घायल; बारिश और खुदाई बनी हादसे की वजह
