Headlines

रायपुर में होटल बुकिंग के नाम पर युवती से ठगी:युवती ने गूगल से नंबर निकालकर किया फोन, होटल रूम देने के नाम पर ठग ने ट्रांसफर करवाए 90 हजार




जगन्नाथ पुरी में भगवान के दर्शन के लिए होटल बुक करने के लिए गूगल की मदद लेना युवती को भारी पड़ गया। युवती ने गूगल से नंबर निकालकर फोन किया तो कॉल ठग को लगी और आरोपी ने युवती से ठगी कर ली। आरोपियों ने गूगल पर फर्जी होटल वेबसाइट बनाकर युवती को जाल में फंसाया। पहले कमरे की बुकिंग के लिए एडवांस लिया, फिर तकनीकी खराबी और रिफंड का झांसा देकर छह बार में 90,249 रुपए ट्रांसफर करा लिए। न होटल बुक हुआ और न ही रकम वापस मिली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गूगल पर मिली होटल की वेबसाइट, वाट्सएप पर किया संपर्क गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए ऑनलाइन होटल तलाशा। गूगल सर्च के दौरान उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम से एक वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर वाट्सएप से संपर्क करने पर दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपए बताया गया। बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत एडवांस यानी 7 हजार रुपए क्यूआर कोड के जरिए भेजने को कहा गया। रिफंड के नाम पर बार-बार कराया भुगतान युवती ने 7 हजार रुपए भेजकर बुकिंग रसीद मांगी। इस पर सामने वाले ने सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने की बात कही और रकम वापस करने के नाम पर दोबारा भुगतान कराने लगा। युवती को लगा कि पहले किया गया ट्रांजेक्शन वापस मिल जाएगा, इसलिए वह ठग के निर्देशों का पालन करती रही। ठग ने कभी सर्वर फेल होने तो कभी एरर आने का बहाना बनाकर उससे 7,049 रुपए, दो बार 14,049 रुपए, फिर 28,099 रुपए और आखिर में 19,999 रुपए ट्रांसफर करा लिए। इस तरह छह ट्रांजेक्शन में कुल 90,249 रुपए खाते से निकल गए। नंबर बंद मिला, तब ठगी का पता चला रकम कटने के बाद भी होटल की बुकिंग नहीं हुई। युवती ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद उसने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *